दिल्ली से दौलताबाद अब सिर्फ एक कार्ड से

केंद्रीय शहरी विकास मंत्री कमलनाथ ने मंगलवार को नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) जारी किया। सबसे पहले यह सुविधा जयपुर में शुरू की जा रही है। जल्द ही दिल्ली के लोग भी इसका फायदा उठा सकेंगे। धौलाकुआं स्थित मानेकशा सेंटर में चार दिवसीय अर्बन मोबिलिटी इंडिया-2011 सम्मेलन के समापन के मौके पर मंगलवार को एनसीएमसी पेश किया। कमलनाथ ने इस मौके पर इस बात पर बल दिया कि गतिशीलता के मुद्दे को सुलझाने के लिए इस पर लीक से हटकर विचार करने की जरूरत है।
सेमिनार के दौरान अर्बन मोबिलिटी इंडिया कॉन्फेरेंस-2011 अवार्ड के तहत बेस्ट पीपीपी इनिशिएटिव इन अर्बन ट्रांसपोर्ट के लिए कॉरपोराइजेशन ऑफ प्राइवेट स्टेट कैरेज बसेज इन डिम्ट्स, दिल्ली को दिया गया। यह पुरस्कार दिल्ली सरकार के परिवहन मंत्री अरविंदर सिंह लवली ने ग्रहण किया। बेस्ट क्लीन डेवलपमेंट मैकेनिजम का अवार्ड दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) को दिया गया। डीएमआरसी की तरफ से यह अवार्ड निदेशक मंगू सिंह ने ग्रहण किया।
विशेष कार्य अधिकारी एसके लोहिया ने बताया कि शहरी विकास मंत्रालय की यूटीआइ इंफ्रास्ट्रक्चर टेक्नोलॉजी एंड सर्विसेज लिमिटेड (यूटीआइ-आइटीएसएल) ने इस सेवा को विकसित किया है। अगले साल मार्च से यह सेवा जयपुर की पांच बसों में शुरू कर दी जाएगी। बेंगलूर और भोपाल के नगर निगम ने भी इसको लेकर सभी तैयारी कर ली है। यही नहीं 12वीं पंचवर्षीय योजना तक एनसीएमसी को देश के मुख्य सभी शहरों के साथ जोड़ने की योजना है।
आपको बता दें कि यह कार्ड भी मेट्रो कार्ड की तरह ही बस में कंडक्टर द्वारा रीचार्ज किया जा सकेगा। बस के प्रवेश व निकास द्वार पर कार्ड पंचिंग मशीन लगी होगी। चालक अपने विशेष कार्ड बस में लगी पंचिंग मशीन को सक्रिय कर देगा। मशीन के साथ ही बस में लगे कैमरे भी शुरू हो जाएंगे। अगर बस की दूरी के हिसाब से भाड़ा 50 रुपये है तो जैसे ही सवारी प्रवेश द्वार पर कार्ड पंच करेगी, उस कार्ड से 50 रुपये काट लिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications