वैश्विक उछाल के साथ सोना और चांदी में भी उछाल

विदेशी केन्द्रीय बैंकों द्वारा सोने की खरीदारी बढ़ाये जाने की अटकलों के बीच वैश्विक बाजार में सोने की कीमतों में उछाल आया जिसका असर स्थानीय बाजार धारणा पर पड़ा। वैश्विक तेजी के बीच न्यूयार्क में सोने के भाव चालू सप्ताह में 3.7 प्रतिशत चढ़कर 1751 डालर प्रति औंस तक जा पहुंचे।
घरेलू बाजार में सोना 99.9 शुद्ध और 99.5 शुद्ध के भाव सप्ताह के शुरू में कमजोर खुले बाद में वैश्विक तेजी के बीच मौसमी मांग बढ़ने से इसके भाव 29,490 रूपये और 29,350 रूपये प्रति दस ग्राम की नयी उंचाई को छू गये। हालांकि बाद में बिकवाली दबाव के चलते यह अपना उच्च स्तर कायम नहीं रख सके और सप्ताहांत में यह 500 रूपये की तेजी के साथ क्रमश: 29,440 रूपये और 29,300 रूपये प्रति दस ग्राम बंद हुए।
लिवाली का ताजा समर्थन मिलने से गिन्नी के भाव 50 रूपये की तेजी के साथ सप्ताहांत में 23,350 रूपये प्रति आठ ग्राम बंद हुए। उतार चढाव से भरे कारोबार के दौरान चांदी तैयार के भाव 56,950 रूपये तक चढ़ने के बाद सप्ताहांत में 1200 रूपये की तेजी के साथ 56,400 रूपये और चांदी साप्ताहिक डिलीवरी के भाव 2840 रूपये चढ़कर 57,190 रूपये किलो बंद हुए। चांदी सिक्का के भाव 2000 रूपये की तेजी के साथ सप्ताहांत में 64,000 से 65,000 रूपये प्रति सैंकड़ा बंद हुए।












Click it and Unblock the Notifications