हरियाणा: विजय हत्याकांड के 3 आरोपी और गिरफ्तार

इसी केस में बादली गांव वासी मैनपाल एवं उसका भाई विक्रम पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जिनको 7 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया हुआ है। रिमांड पर चल रहे मैनपाल एवं विक्रम से की गई पूछताछ में पुलिस को काफी कारगर जानकारियां हाथ लगी हैं, जिनके आधार पर डीएसपी बहादुरगढ़ राजीव देसवाल की देखरेख में कार्रवाई को आगे बढ़ाया जा रहा है।
जिला पुलिस के जनसंपर्क अधिकारी देवेन्द्र दांगी ने बताया कि पुलिस कप्तान पी.आर. सिंह की देखरेख में काम करते हुए सिटी बहादुरगढ़ पुलिस स्टेशन के एसएचओ सब इंस्पैक्टर जयकिशन दहिया की टीम ने ओमबीर उर्फ मोनू, सतीश उर्फ शाका एवं वीरेंद्र उर्फ बबलू को उस वक्त गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की जब ये लोग गुडग़ांव रोड पर मुंडाखेड़ा पुल के पास वीरेंद्र उर्फ बबलू की रिट्ज कार में सवार थे। पुलिस टीम ने इनके बारे में सूचनाएं जुटाई और पुलिस अधीक्षक पी.आर. सिंह के निर्देशानुसार सब इंस्पैक्टर जयकिशन दहिया की टीम ने तेजी से कार्रवाई कर घेराबंदी कर उपरोक्त तीनों को काबू कर लिया।
जनसंपर्क अधिकारी देवेन्द्र दांगी के मुताबिक तीनों आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेकर पुलिस बारीकी से पूछताछ शुरू कर चुकी है ताकि इस वारदात को अंजाम देने एवं सहयोग करने वाले तमाम लोगों का पता लगाकर उन्हें जल्द से जल्द सलाखों के पीछे डाला जा सके।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों ने अभी तक की गई पूछताछ में विजय की हत्या की बात कबूलते हुए खुलासा किया है कि कैसे इसके लिए प्लानिंग की गई और किस तरह से यह वारदात अंजाम दी गई। इतना ही नहीं आरोपियों ने यह खुलासा भी किया है कि वारदात में मौके पर इनके एक अन्य साथी नवीन के अलावा बादली वासी अजीत उर्फ मोटा एवं सोनू नाम का एक अन्य बदमाश भी मौजूद थे। उपरोक्त पांच लोगों ने बहादुरगढ़ के झज्जर रोड पर उसरोज विजय की हत्या की थी।
इतना ही नहीं आरोपियों ने पूछताछ में यह भी बताया है कि वारदात के बाद ये लोग पुलिस से बचने के लिए छिपते-छिपाते हुए राजस्थान भाग थे और इस्तेमाल किए गए अपने हथियारों को इन्होंने राजस्थान के हनुमानगढ़ इलाके में छिपाया हुआ है। इसके अलावा उपरोक्त ने जो मोबाइल फोन आपस में संपर्क रखने के लिए इस्तेमाल किए थे वे भी इन्होंने बाद में गुडग़ांव में एक जगह पर छिपा दिए थे। जनसंपर्क अधिकारी देवेंद्र दांगी ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में इस वारदात में शामिल रहे कुछ और नामों का भी खुलासा किया है, जिनके बारे में आगे तफ्तीश की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications