अगर मुझे कुछ हुआ तो कांग्रेस पर लगेगा इसका धब्बा: अन्ना

आपको बताते चलें कि अन्ना हजारे की चेतावनी को एक बार फिर से दरकिनार करते हुए कानून मंत्री सलमान खुर्शीद ने कहा कि अन्ना को अगर अनशन करना है तो करें उन्हें अन्ना की नहीं देश की चिंता है। अन्ना ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि ग्रुप सी और ग्रुप डी के अधिकारियों को लोकपाल के दायरे से बाहर रखकर नेता खुद को बचा रहे हैं। अन्ना ने कहा कि बिना नेताओं के सहयोग के कोई भी अधिकारी भ्रष्टाचार नहीं कर सकता। अन्ना हजारे ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर मुझे कुछ हो गया तो यह कांग्रेस पर लगने वाला सबसे बड़ा धब्बा होगा।
मालूम हो कि बुधवार को लोकपाल के मसले पर स्टैंडि़ग कमेटी की आखिरी बैठक थी। उस बैठक के बाद यह बताया गया था कि कुछ दिन में रिपोर्ट फाइनल पर कमेटी अपनी सिफारिश सरकार को सौंप देगी। मगर गुरुवार की सुबह फिर से कमेटी से सदस्यों के पास संदेश भेजा गया और कहा गया कमेटी के कुछ सदस्यों ने कहा है कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि ग्रुप सी में कौन-कौन से कर्मचारी आते हैं इसलिए उन्होंने गलती से इन कर्मचारियों को लोकपाल के दायरे में लाने का समर्थन कर दिया था। वे अपने इस निर्णय को वापस लेना चाहते हैं। इसके लिए आज दोबारा बैठक हुई। बैठक में कांग्रेस के सदस्यों ने ग्रुप सी कर्मचारियों को लोकपाल से बाहर करने की मांग की जबकि बीजेपी, सीपीएम और आरएसपी ने इसका विरोध किया।












Click it and Unblock the Notifications