3 साल में दूर कर दूंगा 30 साल का सूखा: हुड्डा

रैली में कांग्रेस प्रभारी बीके हरिप्रसाद, कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष फूलचंद मुलाना, सांसद अशोक तंवर, सांसद अरविंद शर्मा, विधायक शादीलाल बतरा, कृषिमंत्री परमवीर सिंह, गृहराज्यमंत्री गोपाल कांडा, प्रहलाद सिंह गिल्लाखेड़ा, हरमोहिंदर सिंह चठ्ठा, होशियारी लाल शर्मा, भूपेश मेहता, राजेश वैद्य सहित अन्य कांग्रेस नेता, विधायक व मंत्री मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि 30 साल से रतिया में कांग्रेस का विधायक नहीं बना है। यहां से जो विधायक बनकर विधानसभा में पहुंचे हैं, उन्होंने रतिया हलके की आवाज को विधानसभा में कभी नहीं उठाया। इसलिए पता नहीं चला कि कहां-कहां विकास की जरूरत है।
सीएम ने आंकड़े पेश करते हुए कहा कि कांग्रेस का विधायक न होते हुए भी कांग्रेस सरकार ने रतिया में छह साल में इनेलो शासन से कई गुणा राशि अर्थात 330 करोड़ 88 लाख रुपये खर्च किए हैं जो इस बात का सबूत है कि कांग्रेस की नीति किकास परक रही है। हुड्डा ने इनेलो सुप्रीमो पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जब ओमप्रकाश चौटाला मुख्यमंत्री के पद पर थे और रतिया में आते थे तब व्यापारियों से चंदा एकत्रित किया जाता है मगर कांग्रेस की सरकार बनने पर उस परिपाटी को बंद कर दिया है।
उन्होंने ओमप्रकाश चौटाला को खुली बहस का निमंत्रण देते हुए कहा कि यदि चौटाला ने अपने मुख्यमंत्रीकाल में किसान, व्यापारी, दलित, महिला, बुजुर्ग एक भी वर्ग के हित में किया गया एक भी फैसला बता दे तो वे मान जाएंगे कि इनेलो शासन में रतिया में विकास हुआ था। उन्होंने कहा कि चौटाला अब यह कहकर वोट मांग रहे हैं कि एक बार फिर से सरफी देवी को जीता दो, वे सरकार बना देंगे। इस पर सीएम ने कहा कि सरकार विधायकों के बल पर बनती है और विधायक कांग्रेस के साथ है।
चौटाला को विधायकों की गिनती नहीं बल्कि नोट गिनने आते हैं। इसलिए वे फिर से लोगों को गुमराह कर रहे हैं क्योंकि जब इनेलो का विधायक था, तब कोई विकास नहीं किया तो अब क्या करेंगे। मुख्यमंत्री ने रतिया की जनता से अपील करते हुए कहा कि वे सिर्फ तीन साल के लिए जरनैल सिंह को जीताने के लिए कह रहे हैं, यदि 3 साल में 30 साल के बराबर विकास नहीं करें तो आप आगे वोट मत देना। हुड्डा ने हजकां-भाजपा गठबंधन पर कटाक्ष करते हुए कहा कि यह गठबंधन स्वार्थ का है जो जनता का भला नहीं कर सकता। रैली को सांसद तंवर सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।












Click it and Unblock the Notifications