प्रधानमंत्री को विश्वास- सुचारु रूप से चलेगा शीतकालीन सत्र

सदन में जाने से पहले प्रधानमंत्री ने सभी दलों से अपील की कि वो देश के विकास के मुद्दों पर सहयोग करें। सभी मुद्दों पर सुचारु रूप से चर्चा के लिए विपक्ष से सहयोग अपेक्षित है। पीएम ने उम्मीद जताई कि कोई भी दल किसी भी नेता का बहिष्कार नहीं करेंगे।
विपक्षी दल 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले में गृह पी चिदंबरम को लपेटते हुए सदन में कार्यस्थगन प्रस्ताव लाने के लिए नोटिस दे चुके हैं। विपक्षी दलों का कहना है कि 2जी घोटाले के लिए तत्कालीन वित्तमंत्री रहे चिदंबरम भी ए राजा के साथ बराबर के दोषी हैं। लिहाजा एनडीए उनका सदन में बहिष्कार करने जा रही है। इसके अलावा एनडीए ने सरकार को महंगाई मुद्दे पर भी घेरने का फैसला किया है।
बहिष्कार करने और मंहगाई तथा काले धन पर एक दूसरे के कार्यस्थगन प्रस्ताव नोटिसों का समर्थन करने के राजग तथा वाम दलों के बीच हुए समझौते से शीतकालीन सत्र में सरकार चारों ओर से घिरी नजर आ रही है। वाम दलों की ओर से मंहगाई के खिलाफ कार्यस्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया गया है और राजग के कार्यकारी अध्यक्ष लालकृष्ण आडवाणी की ओर से काले धन के मुद्दे पर ऐसा ही नोटिस दिया जाएगा।
महत्वपूर्ण बात यह है कि कई सत्र के बाद इस बार मुख्य विपक्षी गठबंधन राजग और वाम दलों ने सरकार की घेराबंदी में और कसाव लाने के लिए सदन में आपसी तालमेल करने का निर्णय किया है।
इससे पहले कांग्रेस ने विपक्ष में रहते हुए राजग शासन के दौरान तत्कालीन रक्षा मंत्री जार्ज फर्नान्डिस का ताबूत मामले में संसद में बहिष्कार किया था। संप्रग-1 शासन में राजग ने दागी मंत्रियों के नाम पर लालू प्रसाद और तसलीमुद्दीन का संसद में बहिष्कार किया था।












Click it and Unblock the Notifications