जेसिका के हत्यारे मनु शर्मा को पैरोल मिलना उचित है!

मनु शर्मा को पांच दिन की पैरोल पर जेल से बाहर जाने को कहा गया है। इस बार पैरोल पर बहुत सारी कंडिशन लगायी गयी है। मसलन वो पैरोल पर तो जेल से बाहर जा रहे हैं लेकिन वो चंडीगढ़, करनाल और अंबाला छोड़कर नहीं जा सकते हैं।
मनु शर्मा को नाइट क्लब और डिस्कोथेक में भी जाने की इजाजत नहीं है। पैरोल में जितनी भी कंडिशन लगायी गयीं है उनमें से अगर मनु शर्मा एक को भी पूरा नहीं करते हैं तो उनके पैरोल को निरस्त कर दिया जायेगा। कोर्ट को इस बार ये कंडिशन मनु शर्मा की पिछली हरकतों को देखकर लगायी है।
आपको बता दें कि मनु शर्मा ने साल 2009 में एक महीने का पैरोल इसलिए मांगी थी, क्योंकि उनकी दादी बीमार थी। जिसे दिल्ली सरकार ने मंजूरी दे दी थी। उसके बाद कोर्ट ने मनु शर्मा को पैरोल पर रिहा कर दिया था।
लेकिन बाद में पता चला था कि मनु शर्मा की दादी का साल 2008 में ही देहांत हो गया था। अपने पैरोल के दौरान मनु शर्मा डिस्कोथेक और नाइट पार्टियों में देखे गये थे। जहां एक पार्टी के दौरान उन्होंने होटल के कर्मियों के साथ बदसलूकी की थी। जिसकी जांच करते हुए पुलिस को मनु की सच्चाई पता चली थी और मनु की पैरोल को रद्द कर दिया गया था।
उसके बाद दिल्ली सरकार की जमकर किरकिरी हुई थी। सीएम शीला दीक्षित पर मनु के पिता और कांग्रेसी नेता से दोस्ती निभाने का आरोप लगा था। लेकिन इन सारी बातों को दरकिनार रखते हुए एक बार फिर से दिल्ली हाईकोर्ट ने मनु पर रियायत दिखायी है और उन्हें पांच दिन के लिए पैरोल दे दी है।
देखना दिलचस्प होगा कि इस बार मनु शर्मा क्या गुल खिलाते हैं। लेकिन साथ ही यह सवाल भी लोगों के मन में है कि मनु शर्मा को पैरोल क्यों दी गयी है? मालूम हो कि मनु शर्मा ने 1999 में मॉडल जेसिका लाल की हत्या की थी, जिसके जुर्म में उन्हें साल 2006 में आजीवन कारावास की सजा सुनाई गयी थी उसके बाद वो जेल में ही है।












Click it and Unblock the Notifications