बिग बॉस से शुरू हो गए स्वामी अग्निवेश के बुरे दिन

हरियाणा आर्य समाज और खाप पंचायतें गुस्से में हैं और उन्हें भगवा चोला छोड़ फिल्मों में एक्टिंग करने की सलाह दे रही हैं। आर्य समाज और खाप पंचायतों ने अग्निवेश के विरोध में प्रस्ताव पारित कर कहा है कि अग्निवेश को अपने नाम के आगे से स्वामी शब्द हटा देना चाहिए। पंचायतों का मानना है कि संत को शोभा नहीं देता कि वह ऐसे कार्यक्रम में जाएं, जिसे परिवार के सदस्य एक साथ बैठकर देख भी न सके। अश्लीलता से भरे ऐसे कार्यक्रमों के खिलाफ आर्य समाज अभियान चला रहा है। ऐसे में संत का वहां जाना आर्य समाज के नियमों के खिलाफ है।
हरियाणा आर्य समाज के संरक्षक आचार्य बलदेव ने कहा कि संन्यासी की ऐसी हरकत ने पूरे समाज का सिर नीचा किया है। उन्हें वहां नहीं जाना चाहिए था। साधु का काम सदाचारी रहकर धर्म का प्रचार करना होता है, न कि ऐसे कार्यक्रमों में जाकर पैसे कमाना। उनको भगवा वस्त्र उतार देना चाहिए। सर्वखाप महापंचायत महम चौबीसी के प्रधान चौधरी रणधीर सिंह ने कहा कि अग्निवेश ने बिग बॉस में जाकर साधु-संत की परंपरा को तोड़ा है। अगर उनको अभिनेता ही बनना है तो भगवा चोला छोड़ दें। त्याग, तपस्या करने वाला स्वामी एक्टिंग करें, यह समाज को गंवारा नहीं।
स्वामी का बिगबास के घर में जाना, उनके कैरियर की अंत की शुरूआत है। अब शायद ही कोई उन्हें गंभीरता से लेगा। हैरत की बात है कि स्वामी अग्निवेश बिग बास की तारीफ में लगे हुए हैं। उन्हें अभी भी एहसास नहीं है कि उनका कितना नुकसान हो चुका है। वैसे भी उनकी इमेज विवादों में रही है। बाकी उन्होंने खुद ही कर दिया। पहले अमरनाथ यात्रा को पाखंड बता दिया। इस पर सुप्रीम कोर्ट से उन्हें फटकार मिली। अब स्वामी बिग बास का भूत उनका अंत करके ही छोड़ेगा, क्योंकि इनका इस्तेमाल करनेवाले देश द्रोही सयैद अली शाह गिलानी भी इनसे दूरी बढ़ाने लगे हैं। उन्हें भी लगता है इनके साथ अब रहने से उन्हें भी लोग हल्के में लेने लगेंगे।












Click it and Unblock the Notifications