राहुल को इसी महीने कांग्रेस की कमान सौंपने की तैयारी

सूत्रों ने बताया कि राहुल गांधी कब इस पद पर बैठेंगे इसे लेकर कयासों का दौर जारी है। कांग्रेस पार्टी के ही एक सूत्र ने संकेत दिया कि जवाहर लाल नेहरू के जन्मदिन 14 नवंबर को या फिर इंदिरा गांधी की जयंती 19 नवंबर को कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक होने जा रही है जिसमें इसके बारे में फैसला हो सकता है। वैसे पिछले दिनों सोनिया गांधी के अमेरिका जाने के बाद से ही राहुल का सरकार और संगठन में सक्रिय दखल शुरू हो गया था। सोनिया गांधी अपनी गैर-मौजूदगी में राहुल की अध्यक्षता में संगठन के फैसलों के लिए एक कोर कमेटी भी बना गई थीं।
इसी बीच कांग्रेस अध्यक्ष की स्वदेश वापसी के बाद औपचारिक तौर पर राहुल को संगठन में केंद्रीय भूमिका में लाने की मुहिम लगातार तेज होती जा रही है। कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने कहा भी कि पार्टी चाहती है कि वह अब अपनी भूमिका और बढ़ाएं। उन्हें अब मुख्य धारा में आना ही होगा। राहुल की बढ़ी भूमिका कांग्रेस अध्यक्ष की वापसी के बाद भी बरकरार है। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से लेकर सरकार के वरिष्ठ मंत्रियों के साथ राहुल का राय-मशविरा जारी है। कांग्रेस अध्यक्ष की सक्रिय वापसी के बाद हुई पहली कोर कमेटी की बैठक से पहले प्रधानमंत्री से राहुल की मुलाकात ने इस सियासी संदेश को और मजबूती प्रदान कर दी है। उच्च पदस्थ सूत्रों के मुताबिक राहुल को महासचिव पद से पदोन्नत कर पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने का प्रस्ताव है। सूत्रों के मुताबिक, नेहरू जयंती से लेकर इंदिरा गांधी के जन्मदिन के बीच कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक होगी। इसमें भी राहुल की औपचारिक ताजपोशी का फैसला हो सकता है।












Click it and Unblock the Notifications