आजम खां का सुझाव यूपी में बने 'महापागलखाना'

डीजीपी फायर डीडी मिश्रा मामले पर कटाक्ष करते हुए आजम खां ने कहा कि मायावती सरकार को भ्रष्ट कहने वालों को यूं ही जबरन पागलखाने पहुंचाने का सिलसिला जनता के हित में नहीं है। सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाने वाले को पागल करार दिये जाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह सरकार आखिर किस-किस को पागल बतायेंगी।
आजम खां ने कहा कि माया सरकार को भ्रष्टाचार चरम हैं, जनता अब चुप बैठने वाली नहीं है। मायावती अगर इसी तरह आरोप लगाने वाले हर व्यक्ति को जबरन यदि पागलखाने पहुंचाती रही तो कई महापागलखाने बनवाने पडेंग़े क्योंकि इस सरकार को भ्रष्ट कहने वालों की संख्या काफी बड़ी है। डिप्टी सीएमओ वाईएस सचान की हत्या इसी कारण करा दी गयी कि वह भ्रष्टाचार के कई कारनामे उजागर करने वाले थे। अब डीडी मिश्र को भी जान का खतरा है।
उन्होंने दावा किया कि डीडी मिश्र और उनके बच्चों के फोन सीज किये जा रहे हैं। मिश्र के आरोपों को सही बताते हुए उन्होंने कहा कि जो अधिकारी सरकार के दबाव में भ्रष्टाचार नहीं कर रहे हैं उन्हें अपमानित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सही बात कहने वाले को पागल कह दिया जायेगा तो उसे गुस्सा आना स्वाभाविक है। खां ने कहा कि सरकार ने लोगों पर ज्यादती करने की हद पार कर दी है। उन्होंने कहा कि सरकार के खिलाफ बोलने वालों को बर्बरता से कुचला जा रहा है।
उन्होंने कहा कि यह कोई नयी बात नहीं हैं अभी कुछ महीनों पहले लखनऊ के पुलिस उपमहानिरीक्षक ने इसी वजह से एक नवयुवक को जमीन पर गिराकर अपने जूते से उसका सर कुचला था। सपा महासचिव ने कहा कि अब इस सरकार का अन्त निकट है।












Click it and Unblock the Notifications