मुझे जान से मारने की साजिश है: मधु कोड़ा

कोड़ा ने आरोप लगाया कि मुझे जेल में जान से मारने की साजिश है और इसी के चलते सोमवार को पहले होतवार जेल में मुझ पर लाठियों से वार किया गया जिससे मैं जमीन पर गिर गया। जमीन पर गिरने के बाद भी मुझे बख्शा नहीं गया और मेरे सीने पर लाठियों से वार किये गये। कोड़ा ने आरोप लगाया कि पिटाई के लगभग तीन घंटे बाद उन्हें इलाज के लिए रिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया।
कोड़ा ने कहा कि जब एक पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान सांसद की जेल में यह हालत है तो वहां आम लोगों की स्थिति का सहज ही अन्दाजा लगाया जा सकता है। कोड़ा ने बताया कि वह कुछ अन्य पूर्व मंत्रियों एनोस एक्का हरिनारायण राय तथा अन्य के साथ जेल में घटिया भोजन दिये जाने का विरोध कर रहे थे और धरने पर बैठे थे और तभी उन पर जेल के सिपाहियों ने हमला बोल दिया।
केन्द्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय और कई अन्य नेता आज कोड़ा से मिलने अस्पताल गये और बाद में उन्होंने मामले की उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश से न्यायिक जांच की मांग के साथ राज्यपाल सैयद अहमद से मुलाकात की। उनके साथ कोड़ा की विधायक पत्नी गीता कोड़ा तथा अनेक अन्य नेता भी मौजूद थे।












Click it and Unblock the Notifications