एम्स से हुई छुट्टी, अब सिंगापुर जाना चाहते हैं अमर सिंह

एम्स से निकलने के बाद अमर सिंह ने कहा कि सपा से उनके रिश्ते की कहानी पुरानी हो चुकी है। अब वह इसे भूल चुके हैं। अगर पत्रकार इस बारे में सवाल न करे तो बेहतर रहेगा। उन्होंने कहा इलाज के लिए वह सिंगापुर जाना चाहते हैं। लेकिन इसके लिए कोर्ट से मंजूरी मिलनी जरूरी है। इसके लिए वह कोर्ट में याचिका दायर करेंगे। अगर अनुमति मिली तो वह तुरंत सिंगापुर रवाना हो जाएंगे।
वैसे अमर सिंह तीन नवंबर को चेक अप के लिए एम्स फिर आएंगे। उन्होंने एम्स के डाक्टरों का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने उनका इलाज किया। उन्होंने कहा, वे जनता और भगवान दोनों के शुक्रगुजार है कि इस मुश्किल हालात का वह सामना कर सकें। व्हील चेयर पर बैठे अमर सिंह ने कहा 'मूत्र नली में संक्रमण हो गया था, अभी मैं इससे पूरी तरह उबर नहीं पाया हूं. मेरे बच्चे बुखार से पीड़ित हैं। डाक्टरों ने मुझसे तीन नवम्बर को जरूरत पडने पर दोबारा जांच कराने को कहा है।
अमर सिंह के गुर्दे में क्रिएटिनिन का स्तर बढ़ जाने के बाद उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया था।. क्रिएटिनिन गुर्दे के काम करने की द्योतक होता है। इससे पहले एम्स के गुर्दा रोग विशेषज्ञ डॉक्टर संजय गुप्ता ने बताया, 'सिंह फिट हैं और उन्हें छुट्टी दे दी गई है. हमने आज सुबह उन्हें छुट्टी दी." डॉक्टर गुप्ता ही अमर सिंह का एम्स का इलाज कर रहे थे। सिंह को तिहाड़ जेल से 12 सितंबर को एम्स में भर्ती कराया गया था।
सिंगापुर में गुर्दे का प्रत्यारोपण कराने वाले सिंह के गुर्दे में पिछले दिनों कुछ परेशानियां आ गई थीं। एम्स से निकलने के बाद वह लोधी इस्टेट स्थित अपने बंगले पर गए। उनके साथ में रामपुर की सांसद जयाप्रदा भी थी। एम्स के डाक्टरों ने कहा अमर सिंह की स्थिति अब ठीक है। लेकिन किडनी प्रत्यारोपण कराने वाले मरीजों को विशेष एहतियात की जरुरत पड़ती है।












Click it and Unblock the Notifications