एफ1 रेस का प्रचार करने आयी विदेशी मॉडल के पास ड्रग्स बरामद

दिल्ली पुलिस की क्राइम एंड रेलवे की टीम ने चैरी को उसके नाइजीरियाई साथी केड्रिक के साथ 15 ग्राम कोकीन जिसकी इंटरनेशनल मार्केट में कीमत 15 लाख रूपये आंकी गई है के साथ दबोचा है। गौरतलब है कि फार्मूला वन रेस के लिए विज्ञापन की शूटिंग पिछले दिनों हिसार में गुपचुप तरीके से हुई थी। इस ऐड फिल्म की शूटिंग में मॉडल के तौर पर दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग की 20 साल की चैरी सेमोन ने भी भाग लिया था।
11 अक्टूबर को दिल्ली रेलवे क्राइम पुलिस की टीम ने कोकीन सहित इस युवती व उसके साथी को काबू किया था। पूछताछ में केड्रिक ने पुलिस को बताया कि वह हाई सोसायटी की पार्टियों में शामिल होने वाली लड़कियों को कोकीन सप्लाई करता था। दिल्ली रेलवे एंड क्राइम ब्रांच के डीसीपी अशोक चांद ने बताया कि पूछताछ में चैरी ने स्वीकार किया है कि हिसार में हाल ही में हुई एफ-वन ऐड फिल्म की शूटिंग में वह मॉडल थी। वह दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग की रहने वाली है और उसने हाइड्रो इंटरनेशनल कॉलेज से समाटोलॉजी (कायिकी) में डिग्री ली हुई है।
पढ़ाई के बाद वह छह माह के लिए भारत आई और दिल्ली के एक प्रसिद्ध पांच सितारा होटल के नाइट क्लब में होस्टेस की नौकरी करने लगी। दो माह पहले ही उसने नौकरी छोड़ी और हाई-एंड सोशल पार्टी में शामिल होने लगी। इस दौरान उसे कोकीन की लत लग गई और फिर इसकी सप्लाई भी करने लगी।












Click it and Unblock the Notifications