राहुल गांधी की सुरक्षा में सेंध, रिवॉल्वर लेकर घुसा युवक

प्राप्त जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश में टीम अन्ना के दौरे के बाद कांग्रेस हरकत में आ गई और उसने भी यूपी में दौरा करने का निर्णय कर लिया। आज यूपी दौरे का पहला दिन और कांग्रेस ने शुरुआत अपने गढ़ अमेठी से की। काफी अड़चनों के बाद किसी तरह राहुल गांधी मंच पर पहुंचे और लोगों को संबोधित किया। जनता को संबोधित करने के बाद राहुल जैसे ही मंच से नीचे उतरे अचानक अफरा-तफरी मच गई।
सुरक्षाकर्मियों ने फौरन तीन युवको को पकड़ लिया और उनकी तलाशी ली। तलाशी में एक युवक के पास से रिवॉल्वर बरामद होने की सूचना ने पूरे सुरक्षा व्यवस्था में खलबली मच गई। पुलिस उसे थाने ले गई और पूछताछ शुरु कर दिया। पूछताछ पर युवक ने बताया कि उसके रिवॉल्वर के लाइसेंस की वैधता की अवधि समाप्त हो गई है और वह उसे रिन्यूवल कराने जा रहा है। युवक ने पुलिस को बताया कि उसके परिवार में एक शख्स की हत्या हो गई थी उसके बाद से ही वह अपनी सुरक्षा के लिये रिवॉलवर रखता है।
मालूम हो कि सुरक्षा में सेंध की यह पहली वारदात नहीं है। इससे पहले भी बीते मई माह राहुल गांधी जब भट्ठा पारसौल का दौरा कर रहे थे उस समय भी एक युवक रिवॉल्वर लेकर उनके रैली में घुस गया था। खैर सुरक्षाकर्मियों ने उसे गिरफ्तार कर लिया था। उल्लेखनीय है कि गांधी परिवार के युवराज राहुल गांधी का आज अमेठी में जमकर विरोध किया गया।
राहुल गांधी ने कभी ऐसा सोचा भी नहीं होगा कि जिस अमेठी के लोग कभी उनको सिर आंखों बिठाते हैं वहां जाने पर लोग उनका रास्ता रोक देंगे। आज सुबह राहुल का काफिला अमेठी जा रहा था कि जिले की सीमा में प्रवेश करते ही लोगों ने उनका विरोध करना शुरू कर दिया। काफिले के वाहनों को सड़क पर रोक लिया गया। लोगों का कहना था कि कांग्रेस प्रदेश में अच्छे व ईमानदार लोगों को टिकट दें क्योंकि ऐसा करने से ही भ्रष्ट्राचार पर लगाम लग सकेगी।












Click it and Unblock the Notifications