अमेठी वासियों ने प्रधानमंत्री के भोजन के लिए भेजे चेक व ड्राफ्ट

अमेठी में भारतीय जनता पार्टी के जनस्वाभिमान यात्रा की अगुवाई कर रहे पार्टी उपाध्यक्ष कलराज मिश्र के सामने उस समय अजीबोगरीब स्थिति पैदा हो गयी जब उन्हें 26 रुपये का एक चेक तथा 32-32 रुपये के पांच ड्राफ्ट भेंट किये गए। हुआ यूं कि यात्रा के अमेठी पड़ाव पर श्री मिश्र की जनसभा चल रही थी। जन सभा के बीच से छह लोग उठे और उन्हें चेक और बैंक ड्राफ्ट भेंट कर दिया। इन लोगों का कहना था मिश्रा जी आप सांसद हैं। हम लोगों की ओर से चेक और बैंक ड्राफ्ट प्रधानमंत्री को भेंट कर दीजिएगा।
लोगों के इस व्यवहार को देखकर श्री मिश्र पहले तो कुछ समझ ही नहीं सके लेकिन जब उन्होंने चेक व ड्राफ्ट में दर्ज रकम को देखा तो उनकी समझ में सबकुछ आ गया। लोगों ने कहा कि मिश्रा जी यदि 26 या 32 रुपये में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का दोनों समय पेट भर भोजन हो जाये तो यही तरीका पूछकर हम लोगों को भी बता दें ताकि हम भी उनकी तरीके के अनुसार प्रतिदिन भर पेट भोजन कर लें। श्री मिश्र को अब तक समझ में आ चुका था कि गरीबी रेखा के निर्धारण में हुई गड़बड़ी व योजना आयोग के निष्कर्ष पर ग्रामीण कटाक्ष कर रहे हैं लेकिन वह कुछ कह पाने की स्थिति में नहीं थे। उन्होंने ग्रामीणों से सिर्फ इतना ही कहा कि यह गलत है इस रकम से दो वक्त का भोजन नहीं किया जा सकता है।
सूत्रों ने बताया कि चेक स्टेट बैंक आफ इण्डिया की अमेठी शाखा का था जबकि ड्राफ्ट स्टेट बैंक की कुडवार सुलतानपुर शाखा से जारी किया गया था। स्थानीय लोगों का मनमोहन ङ्क्षसह सरकार पर यह कटाक्ष 32 रुपये और 26 रुपये से कम की प्रतिदिन आमदनी वालों को गरीबी रेखा के नीचे रखने के निर्णय के खिलाफ था। हालांकि केन्द्रीय योजना आयोग ने अपने इस निर्णय को संशोधित करने का फैसला किया है।












Click it and Unblock the Notifications