दिल्ली: संपत्ति ने बनाया भतीजे को चाचा का हत्यारा

सूत्रों ने बताया कि शनिवार दोपहर विश्वास नगर स्थित दक्ष रोड के मकान संख्या-528 में दोहरी हत्या की खबर पूर्वी जिला के फर्श बाजार थाना पुलिस को मिली। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो मकान के ऊपरी मंजिल पर एक युवक और एक बूढ़ी महिला (60) खून से लथपथ बेहोशी की हालत में मिले। पुलिस उन्हें अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया, वहीं महिला के होश में आने पर उसका इलाज चल रहा है। मृतक की पहचान गौरी शंकर के रूप में हुई है। जुगल देवी हमलावर के हमले से बाल-बाल बच गई। जुगल देवी मृतक गौरीशंकर की मां है।
पुलिस के अनुसार जुगल देवी का एक और लड़का हजारी प्रसाद भी कुछ समय पूर्व इनके साथ ही रहता था। दुकानदारी के धंधे में घाटा होने पर जुगल देवी ने अपने बड़े बेटे हजारी प्रसाद को उत्तर प्रदेश स्थित अपने पैतृक गांव रहने के लिए भेज दिया। उसके बाद से हजारी प्रसाद अपने बेटे पिंटू के साथ समय-समय पर दिल्ली आकर अपनी मां व भाई से झगड़ा किया करता था। शनिवार को पिंटू अपने एक दोस्त के साथ मोटरसाइकिल पर आया और दादी से पूछा कि चाचा गौरीशंकर कहां हैं? जुगल देवी ने उन्हें ऊपर की मंजिल पर गौरीशंकर के होने की बात कही। पिंटू ऊपर जाकर गौरीशंकर से मारपीट करने लगा। आवाज सुनकर जुगल देवी जब ऊपर पहुंची तो देखा कि पिंटू के दोस्त ने गौरीशंकर को पकड़ रखा है और पिंटू किसी भारी वस्तु से उस पर वार कर रहा है। दादी को देखकर पिंटू उस पर भी टूट पड़ा। दोनों को मृत मानकर वह अपने दोस्त के साथ फरार हो गया। सूचना पा समय पर पुलिस आ गई, जिससे जुगल देवी की जान बच गई।












Click it and Unblock the Notifications