हिसार उपचुनाव में कांग्रेस की प्रतिष्ठा दांव पर, मतदान शुरू

चुनाव प्रचार थमने के बाद प्रत्याशियों ने दिनभर बगैर भोंपू के कुछ विशेष स्थलों पर जाकर वोट की मनुहार की। मतदान प्रक्रिया के लिए सभी उम्मीदवारों ने अपने-अपने बूथ एजेंट बनाने की प्रक्रिया पूरी की वहीं उम्मीदवारों के समर्थकों ने घर-घर जाकर मतदाताओं को उनके वोट की पर्चियां बाटी व डमी इवीएम मशीन से उम्मीदवार के चुनाव चिन्ह को दर्शाया। सभी बूथों पर देर सांय तक पोलिंग पार्टिया पहुंच गई।
कोई नहीं आया मिर्चपुर
मिर्चपुर गांव में चुनाव के दौरान मुख्य दलों का कोई नेता मत की अपील करने नहीं पहुंचा मगर आज पोलिंग पार्टी जिला प्रशासन ने भेज दी है, इस गांव में मतदान होगा या नहीं यह अभी सवालिया बना है। जिला प्रशासन ने लोकसभा क्षेत्र में किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए हिसार सहित अन्य कस्बों के होटलों में ठहरे बाहरी लोगों से कमरे खाली करवाए।
पुलिस अधीक्षक विकास अरोड़ा ने बताया कि हिसार जिला में आज केंद्रीय सुरक्षा बल,अर्ध सुरक्षा बल हरियाणा पुलिस के जवानों ने पेट्रोलिंग की। घुड़सवार पुलिस व महिला पुलिस की विशेष तैनाती की गई है। समुचे संसदीय क्षेत्र में 75 गांवों को अति-सवेंदनशील व 113 को सवेंदनशील घोषित किया गया है।
जयप्रकाश नहीं डाल पाएंगे वोट
सुरक्षा लिहाज से 40 केंद्रीय सुरक्षा बल, 29 अर्धसुरक्षा बल व 13 हजार हरियाणा पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं। इनकी अगुवाई 21 डीएसपी व 42 इंस्पेक्टर रेंक के अधिकारी करेंगे। सुरक्षा के लिहाज 100 नाके भी लगाए गए हैं। 613 पोलिंग लोकेशन पर सेंट्रल पैरा मिल्ट्री फोर्स तैनात रहेगी। प्रत्येक बूथ पर 10 से 12 सुरक्षा कर्मी तैनात रहेगें। इस संसदीय क्षेत्र की राजस्थान व पंजाब की सीमाएं मतदान के दौरान सील रहेगी।
हिसार संसदीय क्षैत्र में 13 लाख 24 हजार 784 मतों में से 5 लाख 99 हजार 797 महिला मतदाता हैं। सर्वाधिक महिला मतदाता उचाना में 74 हजार 157 हैं। समूचे लोकसभा क्षेत्र में 1506 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। इस लोकसभा क्षेत्र में 7396 सर्विस मतदाता हैं। कुलदीप बिश्नोर्ई आदमपुर में अपने मतदान का उपयोग करेंगे जबकि इनेलो के अजय चौटाला व कांग्रेस के जयप्रकाश का इस लोकसभा क्षेत्र में मत ना होने से वे मतदान से वंचित रहेंगे।
दांव पर लगी कांग्रेस की प्रतिष्ठा
हिसार उपचुनाव में कांग्रेस की प्रतिष्ठा दांव पर लिए लगी है, क्योंकि भ्रष्टाचार और काले धन के मामले को लेकर पार्टी की चौतरफा किरकिरी हुई है। एक तरफ भाजपा और इनेलो ने जमकर कांग्रेस की बखिया उधेड़ी वहीं दूसरी तरफ अन्ना हजारे की टीम ने हिसार में जाकर लोगों से कहा कि जब तक यूपीए सरकार लोकपाल बिल पास नहीं करती, तब तक कांग्रेस को वोट मत दो। अब देखना यह है कि 13 लाख मतदाता किसका साथ देते हैं।












Click it and Unblock the Notifications