बसपा से परेशान जनता सपा का साथ देगी: मुलायम

मुलायम यादव ने यहां पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि सपा पिछले करीब चार साल से जनसमस्याओं को लेकर निरंतर संघर्ष कर रही है और चुनावी माहौल उसके पक्ष में है। जनता बसपा के कुशासन से मुक्ति के लिये सपा की ओर आशा भरी नजरों से देख रही है और पार्टी कार्यकर्ताओं को जनता के इस भरोसे को कायम रखना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं को चुनाव जीतने का मंत्र देते हुए कहा कि वे राज्य के आगामी विधानसभा चुनावों के लिये बूथ स्तर पर समितियां बनाने में तनिक भी कोताही नहीं बरतें।
यादव ने कहा कि साथ ही पार्टी की जिला इकाइयों के अध्यक्षों तथा दल के उम्मीदवारों को मतदाता सूची की जांच से लेकर बूथ कमेटी के गठन पर ध्यान केन्द्रित करना चाहिये। इसमें ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश ने जितनी प्रगति की थी उसे बसपा सरकार ने धरातल में पहुंचा दिया है। किसान, गरीब और छात्र सभी परेशान हैं क्योंकि मुख्यमंत्री मायावती को बुनियादी समस्याओं की समझ ही नहीं है। यादव ने कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद सपा की सरकार बनने पर प्रशासन को अधिक जवाबदेह बनाया जाएगा और जन सामान्य को राहत देने का काम युद्धस्तर पर किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications