माकपा की पोलित ब्यूरो की बैठक में बुद्धदेव नहीं पहुंचे

आपको बता दें कि अगले साल अप्रैल में होने वाली पार्टी कांग्रेस से पहले गुरुवार को दिल्ली में दो दिवसीय पोलित ब्यूरो की बैठक शुरू हुई। बैठक में वरिष्ठ सदस्य बुद्धदेव मौजूद नहीं थे। इस बाबत पूछे जाने पर बिमान बोस ने बड़े ही कठोर औऱ रूखे शब्दों में कहा, 'मैं बुद्धदेव का प्रवक्ता नहीं हूं।' वहीं सीताराम येचुरी ने 'यह सवाल उनसे ही पूछिए कहत हुए टाल दी। दरअसल पार्टी इसलिए भी ज्यादा नाराज है क्योंकि पोलित ब्यूरो की अहम बैठक को छोड़कर बुद्धदेव राज्य में अपने क्षेत्र के कार्यक्रम में भाग ले रहे हैं।
बैठक का मुख्य मुद्दा रणनीतिक है। लगभग दो दशक बाद पार्टी के अंदर फिर से यह एहसास होने लगा है कि कार्यकलाप और रणनीति अब नहीं बदली तो देर हो सकती है। येचुरी ने कहा कि उदारवाद और वैश्वीकरण के काल में रणनीति बदलनी होगी। पार्टी जाहिर तौर पर अपने पुराने गढ़ों के अलावा कुछ दूसरे राज्यों में भी आधार बनाना चाहती है। पिछले दिनों में पार्टी ने कुछ मुद्दों पर गैर भाजपा दलों को साथ लाने की कोशिश की है। हालांकि गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के अनशन में जाकर अन्नाद्रमुक ने उनको झटका जरूर दिया। बैठक में पार्टी लोकपाल, खाद्य सुरक्षा, भूमि अधिग्रहण, खुदरा क्षेत्र में विदेशी निवेश जैसे कई मुद्दों पर भी चर्चा करेगी।












Click it and Unblock the Notifications