दिल्ली में ढही इमारत पर 3 दिन के अंदर मांगी रिपोर्ट

संयुक्त पुलिस आयुक्त सुधीर यादव ने बताया कि दो और लोगों की मौत हो गई है। मरने वालों की कुल तादाद आठ हो गई है। राहत अभियान जारी है लेकिन संकरी गलियों के कारण इसमें रूकावट आ रही है। एमसीडी के शहरी मंडल के उपायुक्त कृष्ण कुमार ने घटना की जांच शुरू कर दी है। बचाव कर्मियों की मलबा हटाने में मदद स्थानीय निवासियों ने की और देखा कि कंक्रीट के मलबे में कहीं कोई फंसा तो नहीं है। बहरहाल संकरी गलियों के कारण बचाव कार्य की गति प्रभावित हुई लेकिन बचाव अभियान रात भर चला और दिल्ली पुलिस, दमकल विभाग, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल तथा दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के कई अधिकारी अभियान में लगे रहे।
एक बचावकर्मी ने कहा हमें संकरी गलियों के कारण परेशानी हुई। मौके पर न पहुंचने के लिए राजनीतिज्ञो पर भी स्थानीय लोगों का गुस्सा उतरा। एक निवासी मोहम्मद आलम ने कहा कुछ नेता लोकनायक जय प्रकाश अस्पताल गए लेकिन यहां नहीं आए। स्थानीय विधायक शोएब इकबाल मौके पर गए और कहा कि उन्होंने पुलिस तथा एमसीडी को इलाके में अवैध निर्माण होने की सूचना दी थी। कुमार को आज दोपहर तक प्रारंभिक रिपोर्ट और तीन दिनों के भीतर अंतिम रिपोर्ट जमा करने को कहा गया है। इकबाल ने मांग की कि दिल्ली सरकार मृतकों के परिजनों को 20-20 लाख रूपये का मुआवजा दे।












Click it and Unblock the Notifications