दिल्ली: थाने के बाद अब पुलिस मुख्यालय में ठगी

आला पुलिस अधिकारियों को फोन दिखाने का बहाना बनाकर वह पीड़ित को पुलिस मुख्यालय लाया और झांसा देकर फरार हो गया। साथ ही, तीन कीमती मोबाइल अपने साथ ले गया। सीसीटीवी कैमरों के जद में रहने वाले पुलिस मुख्यालय में आने के बावजूद पुलिस अब तक उसका सुराग नहीं लगा पाई है।
त्रिनगर निवासी विनय कुमार (24) के चाचा का कमला नगर में मोबाइल फोन का शोरूम है। शोरूम में विनय मैनेजर है। 14 सितंबर को एक युवक टैक्सी चालक के साथ दुकान पर आया। युवक ने उसे तीन कीमती फोन दिखाने को कहा। फोन देखने के बाद बताया कि फोन पुलिस मुख्यालय में बैठे पुलिस के आला अधिकारी को लेना है। दो फोन वे पास रखेंगे, जबकि एक वापस कर देंगे। विनय को लेकर वह पुलिस मुख्यालय पहुंचा।
टैक्सी चालक को पार्किंग में कार लगाने की बात कहकर वह अंदर चला गया। करीब एक घंटे तक जब वह नहीं लौटा तो विनय ने पुलिस आयुक्त के कार्यालय और रूपनगर थाने इसकी शिकायत दी। पुलिस ने ठगी का मामला दर्ज कर लिया है। घटना को एक सप्ताह बीत चुका है। इसके बावजूद पुलिस ठग तक नहीं पहुंच पाई है। जबकि पुलिस मुख्यालय में कई सीसीटीवी कैमरे हैं और उसकी पहचान कर पाना मुश्किल नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications