छात्रा को अगवा कर शादी के लिए जबरन बुलवायी हां

जब तक छात्रा ने शादी के लिए सहमति नहीं जता दी। तब तक युवक ने उसे कार में ही बंधक बनाकर रखा। सारन थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, संजय कॉलोनी निवासी एक छात्रा (16 वर्ष) ने सारन थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 14 सितंबर को जवाहर कॉलोनी स्थित अपने स्कूल जा रही थी। रास्ते में जवाहर कॉलोनी के सेंट्रल बैंक की ब्रांच के पास स्विफ्ट कार सवार 5 युवक उतरे और उसे जबरन कार में डाल लिया। कार में सवार प्रदीप नामक युवक ने उसके सामने शादी का प्रस्ताव रखा। इस दौरान उसने उसके साथ छेड़छाड़ की। जब तक शादी के लिए हां करने के लिए तैयार नहीं हुई तब तक वह उस पर दबाव बनाता रहा। डरी सहमी लड़की ने प्रदीप से शादी के लिए हां कर दी। घर जाकर उसने अपने परिजनों को इस वाकये की जानकारी दी। पुलिस ने पीडि़त छात्रा की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपियों में से एक नंगला एन्क्लेव निवासी प्रदीप को चाचा चौक के नजदीक से गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।












Click it and Unblock the Notifications