दिल्ली: युवती, मंगेतर और सास की हादसे में मौत

शहाना परिवार के साथ चांदबाग इलाके में रहती थी। परिवार में इसकी बेटी नाजरीन के अलावा पांच बच्चे हैं। 13 साल पहले शहाना के पति अफसर हुसैन की मौत हो गई थी। तभी से शहाना छोटा-मोटा काम कर अपना परिवार चला रही थी। शहाना ने अपनी बड़ी बेटी नाजरीन की मंगनी कुछ दिनों पहले घर के पास रिश्तेदारी में सिकंदर से की थी। शादी बकरीद के बाद होनी थी। सिकंदर अपने परिवार के साथ सी-ब्लॉक गली नंबर एक में रहता था। इसके परिवार पिता नूर मोहम्मद के अलावा अन्य सदस्य हैं।
एक रिश्तेदार ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से शहाना की मां खुर्शीदा बेगम और बहन शालू बरेली से आए हुए थे। रात को सिकंदर, नाजरीन और शहाना खुर्शीदा और शालू को छोड़ने आनंद विहार गए थे। वहां से देर रात वापस लौटते समय वजीराबाद रोड, अशोक नगर के सामने अज्ञात वाहन ने इनकी बाइक को टक्कर मार दी। किसी व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी कि हादसें में कुछ लोग गंभीर रुप से घायल हो कर पड़े है। पुलिस जब पहुंची तो देखा शहाना और नाजरीन की मौके पर मौत हो चुकी है।
पुलिस ने घायल अवस्था में सिकंदर को जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया , जहां उसने दम तोड़ दिया। पुलिस मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है। नाजरीन और सिकंदर की शादी की तैयारियां जोरों से चल रही थी। बकरीद के बाद दोनों का निकाह भी होने वाला था, लेकिन शायद अल्लाह को कुछ ही मंजूर था। कहकर सिकंदर के बड़े भाई अमजद की आंखें नम हो गईं।












Click it and Unblock the Notifications