हरियाणा: पटाखा फैक्ट्री में धमाका, 5 की मौत

दुर्घटना की सूचना मिलते ही उपायुक्त नीलम प्रदीप कासनी ने ट्रामा सेंटर पहुंच कर घायलों का हालचाल पूछा और जिले कई आला अधिकारियों को घटना स्थल पर भेज दिया। जानकारी के अनुसार मुगल माजरा स्थित कुमार फायर वर्कस पटाखा फेक्टरी में करीब एक सौ से अधिक मजदूर काम करते हैं, लेकिन जन्माष्टमी का अवकाश होने के कारण सोमवार को स्थानीय मजदूर काम पर नहीं थे जबकि करीब 70 प्रवासी मजदूर पटाखों का मसाला तैयार कर रहे थे।
सायं करीब साढे़ छह बजे अचानक जोर का धमाका हुआ और फैक्टरी में आग लग गई। धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज करीब पांच किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। जिसके चलते गांव नबीपुर में यमुना नदी का कटाव देखने पहुंची उपायुक्त नीलम प्रदीप कासनी को भी धमाके की आवाज सुनाई दी। धमाके की आवाज सुन कर उन्होंने मामले की पूरी जानकारी हासिल करके तुरंत एसडीएम मुकुल कुमार व तहसीलदार हरिओम अत्री को घटना स्थल पर भेज दिया।
इस बीच सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाडिय़ां भी मौके पर पहुंच गई और करीब एक घंटे की भारी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस संबंध में उपायुक्त नीलम प्रदीप कासनी ने बताया कि फिलहाल चार शव बरामद हो चुके हैं और दो घायलों को ट्रामा सेंटर में लाया गया है। फेक्टरी में अंधेरा होने के कारण सभी घायलों का पता नहीं लगाया जा सका, लेकिन अभी सर्च अभियान जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही विस्फोट के कारणों का पता चल पाएगा।












Click it and Unblock the Notifications