अन्ना के समर्थन में कक्षाओं का बहिष्कार
सिरसा। देशभर में अन्ना हजारे के समर्थन में चल रहे जन सहयोग को और गति देते हुए गत दिवस की भांति आज भी चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय में इनसो के तत्वावधान में छात्रों ने कक्षाओं का बहिष्कार कर जन आंदोलन में अपनी आहूति डाली। छात्रों का नेतृत्व करते हुए इनसो के जिलाध्यक्ष योगेश शर्मा ने छात्र साथियों को संबोधित करते हुए कहा कि अन्ना हजारे का जनलोक पाल बिल अभियान अपने पूरे चरम पर है।
इस मौके पर अरविंद्र दुहन, हरप्रीत सिंह साहुवाला, अमृतपाल, शशीकांत, प्रवीण अत्री, सुनील मिढ़ा, गुलशन मिढ़ा, मुनीष ढिल्लों, जय उप्पल, संदीप पुनियां, हरजीत सिंह, विरेंद्र न्यौल, सुरेंद्र ढाका, इत्यादि सैंकड़ों साथियों ने हाथ खड़े करके अपना समर्थन दिया। श्री शर्मा ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार को हर हाल में झुकना पड़ेगा व लोगों की भावनाओं के आगे विवश होकर प्रधानमंत्री व न्यायपालिका को इस जनलोकपाल बिल में शामिल किया जाएगा।
इससे पहले भी कोई भी क्रांति या आंदोलन जिसमें छात्र वर्ग व युवा वर्ग ने बढ़चढ़ कर भाग लिया वो आंदोलन या क्रांति हमेशा जीत बनकर छात्र साथियों व युवा वर्ग का नाम हुआ है। उन्होंने कहा कि चाहे भगत सिंह, सुखदेव, चंद्रशेखर आजाद, सरदार उद्यम जैसे शहीदों ने भी देश के लिए युवा अवस्था में कुर्बानियां दी थी जिससे भारतदेश में आजादी आई थी। आज वही यादें फिर ताजा हो आई हैं।
श्री शर्मा ने कहा कि आज शहीद होने की जरूरत नहीं है बल्कि ज्यादा से ज्यादा लोगों को जागरूक करके देश से भ्रष्टाचार खत्म करने के लिए हम सभी को अन्ना हजारे बनना चाहिए जिससे भ्रष्टाचार तो खत्म होगा ही साथ में बेरोजगारी, भुखमरी, महंगाई इत्यादि चीजों पर भी अंकुश लगेगा जिसका फायदा हर भारतवासी को मिलेगा।












Click it and Unblock the Notifications