आखिर रामलीला मैदान पहुँच ही गये अन्ना हजारे, उमड़ा जन सैलाब
नई दिल्ली । आखिरकार अन्ना हजारे रामलीला मैदान पहुंच ही गये। लोगो बेसब्री से उनका इंतजार कर रहे थे। सिविल सोसायटी के सदस्यों के साथ अन्ना जब स्टेज पर पहुंचे तो पूरा मैदान तालियों और अन्ना हजारे जिंदाबाद के नारों से गूंज उठा। कुमार विश्वास और किरण बेदी ने अन्ना को हाथ पकड़कर स्टेज तक पहुंचाया। अपनी चिरपरिचित शैली में कुमार विश्वास ने अन्ना हजारे का अभिवादन किया और अन्ना से कहा कि वो दो शब्द अपने समर्थकों से कहें।
अन्ना ने माइक संभाला और कहा कि साथियों मैं आप सभी का शुक्रगुजार हूं कि आपने सही और गलत में फर्क करना शुरू कर दिया है। अन्ना ने कहा कि देश में दूसरी आजादी की शुरूआत हो चुकी है अब तो आजादी पाकर ही दम लेगें। अन्ना ने कहा आप सभी के जोश को देखकर मुझे बिल्कुल भी अपनी कमजोरी का एहसास नहीं हो रहा है। देश में क्रांति की मशाल जल उठी है, अन्ना रहे ना रहे कि आप लोग जरूर इस मशाल को जलाते रहियेगा।
अन्ना ने कहा साथियों में अपने स्वास्थ्य की वजह से ज्यादा नहीं बोलूंगा लेकिन मैं आपसे कहता हूं कि मुझे आप से अभी बहुत बातें करनी है। अन्ना ने कहा कि हमारी लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई हैं। अन्ना ने कहा कि जब तक लोकपाल बिल नहीं बना जाता हम रामलीला मैदान नहीं छोड़ेगें। इसके बाद अन्ना ने जयहिंद और जयभारत कह कर अपना अभिवादन समाप्त किया।













Click it and Unblock the Notifications