जम्मू-कश्मीर: सेना ने मुठभेड़ में 5 कुख्यात आतंकियों को मार गिराया

सुरक्षाबलों ने फौरन उस मकान को घेर लिया जिसमें आतंकी छुपे हुए थे। सेना ने आतंकियों को बाहर घर से बाहर निकलने को कहा इस पर आतंकियों ने गोलियां चला दी। सेना की तरफ से भी क्रॉस फायरिंग की गई। दस घंटे तक चली इस मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने लश्कर के जिला कमांडर हबीब गुज्जर उर्फ सलमान और उसके साथी इरशाद अहमद को मार गिराया।
दोनों के मौत के बाद सेना के आला अधिकारियों ने दावा किया कि अब इलाके से लश्कर का सफाया हो गया है। वहीं दूसरी तरफ पुलवामा जिले में हिजबुल मुजाहिदीन का एरिया कमांडर शकूर तेली उर्फ अबू बकर बुधवार रात अपने कुछ साथियों के साथ पुच्छल गांव में आया था। सूचना मिलते ही पुलिस के एसओजी दस्ते और 55 आरआर के जवानों ने उसे पकड़ने के लिए अभियान छेड़ दिया। रात को घेराबंदी शुरू होते ही शकूर के साथी भाग निकले, लेकिन वह फंस गया।
उसने अब्दुल अजीज खान नामक एक ग्रामीण के मकान में शरण ली थी। सुरक्षाबलों ने मकान को घेर लिया और आसपास के मकानों से लोगों को निकाला। इसके बाद उन्होंने आतंकी को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन उसने गोलीबारी शुरू कर दी। वीरवार सुबह जब इस बारे में लोगों को पता चला तो वह मुठभेड़ स्थल पर जमा हो गए और सुरक्षाबलों पर पथराव शुरू कर दिया। इस पर पुलिस ने लोगों को खदेड़ने के लिए आंसूगैस और लाठियों का सहारा लिया जिसमें तीन लोग जख्मी हो गए। घायलों में नेशनल कांफ्रेंस के स्थानीय नेता और पंच फारूक मीर व हिलाल लोन शामिल हैं।
सुरक्षाबलों ने दोपहर को आतंकी ठिकाना बने मकान को उड़ाकर शकूर तेली को भी मार गिराया। वह साथ सटे तिरच-पिंगलाना गांव का रहने वाला था। जैसे ही उसके मारे जाने की खबर फैली, लोग नारेबाजी करते हुए फिर जमा हो गए और पत्थरबाजी शुरू कर दी। भीड़ ने दो पुलिस वाहनों को भी आग लगा दी। इस दौरान डीएसपी पुलिस मुख्यालय पुलवामा, काकपोरा पुलिस थाना प्रभारी और तीन कांस्टेबल भी जख्मी हो गए। स्थिति को पूरी तरह बेकाबू देख पुलिस ने फिर बल प्रयोग किया और भीड़ को खदेड़ा दिया। इसमें पांच लोग जख्मी हुए।
उधर, सेना ने कुपवाड़ा जिले के अंतर्गत एलओसी के साथ सटे केरन सेक्टर में घुसपैठ कर रहे दो आतंकियों को मार गिराया। मारे गए घुसपैठियों के अन्य साथियों के वहीं कहीं छिपे होने की आशंका के चलते सेना के जवानों ने अपना तलाशी अभियान जारी रखा हुआ है। कुपवाड़ा के एसपी विरदी ने बताया कि मारे गए दोनों घुसपैठियों के शव और उनके हथियार सुरक्षाबलों ने अपने कब्जे में ले लिए हैं, लेकिन उनकी पहचान नहीं हो पाई है।












Click it and Unblock the Notifications