यूपी विधानसभा में लहराई नकली नोटों की माला, चले कागज़ के गोले

सत्र के पहले दिन यूपी के विधान भवन के अंदर एक बार फिर शर्मसार कर देने वाली घटना हुई। सदन की कार्यवाही को रोकने के लिए समाजवादी पार्टी के नेताओं ने नकली नोटों की माला लहरायी और बार-बार नारे लगाते हुए कहा कि यह माला वे घोटालेबाज सरकार की मुख्यमंत्री मायावती के लिए लाये हैं। सदन में सपा और भारतीय जनता पार्टी ने नोएडा भूमि अधिग्रहण, एनएचआरएम घोटाले, सीएमओ हत्याकांड और भट्टा परसौल के मामले को उठाया।
मायावती के खिलाफ नारेबाजी की शुरुआत सपा और भाजपा ने की देखते ही देखते कांग्रेस के नेताओं ने भी हंगामा शुरू कर दिया। सदन में शिवपाल सिंह यादव ने एनएचआरएम घोटाले पर मायावती से इस्तीफे की मांग की। उस समय सदन में मायावती भी मौजूद थीं। शिवपाल ने कहा कि मायावती को एनएचआरएम घोटाले की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दे देना चाहिये।
सदन में हंगामा जब चरम पर आ गया तो स्पीकर सुखदेव राजभर ने दोनों सदनों को सोमवार तक के लिए स्थगित कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications