सचान मर्डर केस: 9 नंबर के जूते पहनने वालों को ढूंढ रही है सीबीआई

विश्वासनीय सूत्रों की मानें तो सीबीआई को मौके पर जूते के निशान मिले है। सीबीआई 9 नम्बर के स्पोर्ट्स शूज पहनने वाले की तलाश में हैं। सीबीआई को पांच लोगों के अंगुलियों के निशान और खून से सने जूते के निशान मिले हैं जो टॉयलेट से बाहर जाते समय के हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सीबीआई 23 जून के बाद से जेल में डॉक्टर सचान से मिलने आने वालों की लिस्ट तैयार कर रही है। इनमें बंदीरक्षकों से लेकर जेलर, डिप्टी जेलर और जेल अस्पताल के डॉक्टर व कर्मचारी भी शामिल हैं।
सीबीआई की पैनी नजर उस ब्लेड के टुकड़े पर भी है जो सचान के शव के पास मिली थी। मालूम हो कि उसी ब्लेड का आधा हिस्सा अस्पताल के अंदर से बरामद किया गया था। ये वही ब्लेड है, जिसे लेकर पहले जेल प्रशासन और फिर शासन खुद भ्रम में था। फिलहाल दोनों ब्लेडों को फारेसिंक जांच के लिये भेज दिया गया है।
सीबीआई जेल के लिये राशन ले आने वाले वाहन की छानबीन कर रही है क्योंकि इसी वाहन से डॉक्टर सचान को बाहर ले जाया गया था। सीबीआई को उम्मीद है कि अगर इस वाहन में भी खून से सने जूते के निशान मिलते हैं तो सीबीआई का शक सबूत में बदल जायेगा। सीबीआई को जेल के कर्मचरियों ने इस संबंध में कुछ जानकारी भी दी है। तो ऐसे में सीबीआई का मानना है कि इस मामले को गंभीरता से लिया जाये क्योंकि हो सकता है इस वैन से लेकर जेल के टॉयलेट के बीच ही कातिल छिपा हो।












Click it and Unblock the Notifications