हिसार में टैंकर से भिड़ा ट्रक, 4 जिंदा जले

दुर्घटना की सूचना पाकर पुलिस व दमकल विभाग की गाडिय़ां मौके पर पहुंची। दुर्घटना के कारण नेशनल हाइवे करीब चार घंटे बाधित रहा। पुलिस ने तीनों वाहनों को कब्जे में लेकर मृतक के शवों को पोस्टमार्टम के लिए हिसार भेज दिया है। जानकारी के अनुसार बुधवार तड़के करीब चार बजे तेल का एक खाली टैंकर उकलाना से हिसार की ओर से आ रहा था कि गांव गैबीपुर के पास सामने से आ रहे ट्रक से उसकी टक्कर हो गई।
टक्कर लगने से ट्रक पलट गया। इसी दौरान ट्रक के ठीक पीछे आ रहा एक अन्य ट्रक भी तेल टैंकर व ट्रक से टकरा गया। तीनों वाहनों के टकरा जाने से उनमें आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि तीनों वाहन आग से घिर गए। वाहनों में सवार चालक व क्लीनर भी दुर्घटनाग्रस्त वाहनों में जख्मी हो गए। तेल टैंकर का चालक, दोनों ट्रकों के चालक व एक क्लीनर क्षतिग्रस्त वाहनों से निकल नहीं पाए और वाहनों में ही जिंदा जल गए।
तेल टैंकर व एक ट्रक का क्लीनर किसी तरह क्षतिग्रस्त वाहनों से बाहर निकल पाए। बुरी तरह घायल क्लीनरों को पास ही के एक होटल स्वामी अशोक तनेजा ने अपने वाहन में यहां के एक निजी अस्पताल में पहुंचाया। क्लीनरों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हिसार के लिए रैफर कर दिया। दुर्घटनाग्रस्त दोनों ट्रकों में सेना का सामान लोड था। मामले की सूचना पाकर पुलिस अधीक्षक हनीफ कुरैशी भी मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की।












Click it and Unblock the Notifications