भाजपा ने अब तानी चिदंबरम की तरफ बंदूक

भाजपा के प्रवक्ता प्रकाश जावेडकर ने कहा, पी चिदंबरम को अब इस्तीफा दे देना चाहिए। हम इसकी मांग पहले ही कर चुके हैं, क्योंकि वित्त मंत्री रहते उन्होंने अगर रेडियो वेवज नीलामी पर अपना रूख नहीं बदला होता तो 2जी स्पेक्ट्रम घोटाला नहीं होता।
मारन के इस्तीफे पर भाजपा प्रवक्ता जावडेकर ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को भी घेरे में लिया और कहा कि प्रधानमंत्री अपनी टीम से भ्रष्ट सदस्यों को हटाने में विलंब कर रहे हैं। शुरू में ऐसे सदस्यों का बचाव करने का प्रयास किया गया और बचाव के सभी रास्ते बंद हो जाने पर ही कार्रवाई की गई।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि इस तरह के विलंब से समय पर कार्रवाई करने की प्रधानमंत्री की क्षमता पर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने कहा कि तत्कालीन वित्त मंत्री की हैसियत से पहले चिदंबरम ने सही रूख अपनाया कि 2001 के दाम पर स्पेक्ट्रम को नहीं बेचा जाना चाहिए और उसकी नीलामी होनी चाहिए। जावेडकर ने कहा कि, लेकिन 11 जनवरी 2008 को स्पेक्ट्रम पहले आओ पहले पाओ के आधार पर आवंटित कर दिए गए। इसके बाद 15 जनवरी को चिदंबरम ने अपना रूख बदल लिया और कहा कि चूंकि इन्हें आवंटित किया जा चुका है इसलिए नीलामी का मानदंड अगले आवंटन में अपनाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि चिदंबरम को इस बात का जवाब देना होगा कि वह पहले आओ पहले पाओ की नीति पर क्यों राजी हुए। उनके मंत्री बने रहने का कोई आधार नहीं बचा है। उन्हें तुरंत इस्तीफा देना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications