दिल्ली पुलिस के हाथ लगा हथियारों का जखीरा

पुलिस के सूत्रों ने बताया कि पुलिस के पास लगातार खबर आ रही थी कि दिल्ली सरकार का कोई इंजीनियर अपने वसंत कुंज के चर्च रोड पर स्थित अपने फार्म हाउस में बदमाशों को पनाह देता है। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो पा रही थी कि इस बीच पुलिस को खबर मिली कि मंगलवार को हरियाणा से बवाना के रास्ते हथियारों से लैस बदमाश कार में दिल्ली आ रहे हैं। इस सूचना के बाद पुलिस महकमे के वरिष्ठ अधिकारियों ने इनकी गिरफ्तारी के लिए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पीएस कुशवाह की देखरेख में एसीपी एमसी कटोच और इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह की टीम गठित की और नाकेबंदी में जुट गए।
नाकेबंदी के दौरान पुलिस टीम को बवाना इलाके में कार आते हुए दिखाई दी। पुलिस टीम ने गाड़ी रोक ली और उसमें सवार धर्मेंद्र (31), देवेंद्र भुक्खा (33), विक्रम उर्फ विक्की मोगली (26), जसवंत सिंह (45) एवं मंदीप (25) को धर दबोचा। कार की तलाशी में 9 एमएम कारबाइन, रिवाल्वर, दोनाली बंदूक, रिवाल्वर, 7.65 की पिस्टल व 3 तमंचे समेत बड़े पैमाने पर गोलियां बरामद हुई। देवेंद्र, मंदीप व धर्मेंद्र सोनीपत के निवासी हैं जबकि जसवंत व विक्रम दिल्ली के निवासी हैं।
सूत्रों ने बताया कि पकड़े गए बदमाश हरियाणा में सरंपच की हत्या व जानलेवा हमले के मामले में फरार चल रहे थे। उनकी गिरफ्तारी से दिल्ली में कार लूट व झपटमारी के दस मामलों का भी खुलासा हुआ है। दिल्ली पुलिस के इतिहास में करीब 10 साल बाद किसी स्थानीय गिरोह से एसएलआर की बरामदगी हुई है। माना जा रहा है कि वह किसी सुरक्षा कर्मी से लूटी गई या कहीं से चोरी की हो सकती है।












Click it and Unblock the Notifications