हाईटेंशन लाइन के नीचे से मकान हटाए जाएंगे: शीला दीक्षित

ट्रांस्को के मुताबिक हाईटेंशन तारों के नीचे ज्यादातर मकान अवैध हैं। इन मकानों की गिनती की जाएगी। इन पर बुलडोजर चलाने के लिए ट्रांसको ने एमसीडी चिट्ठी भी लिखी है। ट्रांसको की इस सिफारिश को दिल्ली सरकार ने हरी झंडी देते हुए गुरुवार को कहा कि तारों को नहीं हटाया जा सकता इसलिए मकानों को हटाने के सिवा कोई दूसरा चारा नहीं है।
गौरतलब है कि हाल में खजूरी खास में हाईटेंशन तार टूटने और मकानों पर गिरने से 33 लोग घायल हो गए थे। । दिल्ली में खजूरी खास, गणेश नगर, विनोदनगर, पांडव नगर, ललिता पार्क, शकरपुर, राजीवनगर, सोनिया विहार, राधू कॉलोनी, जाकिर नगर, आजिर नगर, आली गांव, जामिया सहित कई कॉलोनियां हैं जिनका बड़ा हिस्सा हाईटेंशन तारों के नीचे बना है। अनुमान के मुताबिक पूरी दिल्ली में ऐसे 35 हजार से अधिक मकान हैं।
सरकार के इस फैसले से लोगों में काफी गुस्सा है। लोगों का कहना है कि जब मकान बने थे तो उस समय सरकार कहां सो रही थी। कई इलाकों में तो कॉलोनियां बसने के बाद उसके ऊपर से हाईटेंशन तार खींचे गए। सूत्रों ने बताया कि लोग इस फैसले के खिलाफ लामबंद हो रहे हैं और संभव है कि सरकार के खिलाफ वे आंदोलन करें।












Click it and Unblock the Notifications