दिल्ली: पार्टी के दौरान ट्रेनी पायलट की मौत

शनिवार देर रात करीब साढ़े बारह बजे सरोज अस्पताल से सूचना मिली कि एक युवक को जख्मी हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था जिसे डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में कर लिया। उसकी पहचान मुंबई के विकरोली निवासी ब्रेन जोसेफ के बेटे जोनाथन जोसेफ फर्नाडीज (24) के रूप में हुई। वह अमेरिका से पायलट की ट्रेनिंग लेकर दिल्ली में न्यू मुल्तान नगर में किराए पर रहकर परीक्षा की तैयारी कर रहा था। जहां से उसे पायलट का लाइसेंस मिलना था।
शनिवार रात वह रोहिणी सेक्टर ९ स्थित जया अपार्टमेंट में दोस्त हितेश के जन्मदिन की पार्टी में आया था। उसके दोस्तों से हुई पूछताछ में खुलासा हुआ है पार्टी अपार्टमेंट की पांचवीं मंजिल पर चल रही थी। सभी नशे में नाच गा रहे थे। इसी बीच जोनाथन सातवीं मंजिल पर चला गया। कुछ देर बाद उसकी वहां से गिरने की सूचना दोस्तों को मिली। उसे सरोज अस्पताल पहुंचाया गया। उसके शरीर के कई हिस्सों में चोट के निशान हैं।
लेकिन अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि जोनाथन सातवीं मंजिल पर क्यों गया या फिर वहां से उसका पैर फिसला या फिर किसी ने वहां से धक्का दे दिया। पुलिस अभी दोस्तों से पूछताछ कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications