पासपोर्ट मामले में बालकृष्ण पर सीबीआई शिकंजा, रामदेव ने लौटाई विवादित जमीन

बाबा रामदेव के सहयोगी और पतंजलि योगपीठ के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण पर कुछ दिन पहले नेपाल का नागरिक होने और फर्जी दस्तावेजों के आधार पर भारत में पासपोर्ट बनवाने के आरोप लगे थे। आचार्य बालकृष्ण पर आरोप है कि वह नेपाल के मूल नागरिक हैं लेकिन उन्होंने इसका खंडन किया है। पासपोर्ट ऑफिस के मुताबिक इनके पास दो भारतीय और एक नेपाली पासपोर्ट है। इस मामले में सीबीआई ने पासपोर्ट एक्ट के तहत बालकृष्ण के खिलाफ देहरादून में मुकदमा दर्ज किया है।
बताया जा रहा है कि सरकार की ओर से सीबीआई को इस बात की शिकायत मिली कि बालकृष्ण के पास एक से ज्यादा पासपोर्ट हैं। सीबीआई ने मामले में जांच भी शुरू कर दी है। हालांकि बालकृष्ण अपने पासपोर्ट के सही होने का दावा करते रहे हैं। लेकिन बाबा रामदेव के भ्रष्टाचार और कालेधन को लेकर केंद्र से खिलाफ मोर्चा खोल दिए जाने के बाद उनके सत्याग्रह अनशन के खिलाफ तो कार्रवाई हुई ही उनके करीबी बालकृष्ण पर भी शिकंजा कसने लगा।
वहीं दूसरी तरफ बाबा रामदेव ने हरिद्वार की अपनी विवादित जमीन से योगग्राम का दावा हटा लिया है। योगग्राम की विवादित बाउंड्री वाल को पतंजलि योगपीठ ने तोड दिया है। योगग्राम बनाने के लिए ग्रामसभा की 43 बीघा जमीन पर कब्जे की शिकायत पर एसडीएम सदर हरिद्वार ने जांच की थी। इसके बाद पतंजलि योगपीठ ट्रस्ट ने लैंड एक्सचेंज की अर्जी दी, जिस पर कोई फैसला नहीं हो पाया था। ऎसे में पतंजलि योगपीठ ने इस जमीन को छोडने का फैसला किया। योग्राम की तरफ से कहा गया कि विवादित जमीन को छोड दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications