लोकपाल की बैठक खत्म, कल फिर होगा मंथन

सदस्यों का कहना है कि सरकार के साथ पुराने मुद्दों पर तो सहमति नहीं ही बनी, कुछ नए मुद्दों पर भी सरकार और सिविल सोसाइटी के लोगों के बीच में असहमति है। बैठक के बाद सरकार की तरफ से दूर संचार मंत्री और सरकारी समिति के सदस्य कपिल सिब्बल ने कहा कि आज की बैठक अब तक की सबसे सफल बैठक है। दोनों समितियों के बीच में 80 से 85 फीसदी मुद्दों पर सहमति बन गई है। जल्द ही हमलोग विवादित मुद्दों को सुलझा लेंगे।
इसके लिए दोनों समितियां कल फिर 4.30 बजे बैठक करेंगी और विवादित मुद्दों पर सहमति बनाने का प्रयास करेंगी। वहीं सिविल सोसाइटी के सदस्य प्रशांत भूषण और अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हमने सरकार को 40 प्वाइंट का एक मसौदा दिया था जिसपर चर्चा होनी थी। 11 बिंदुओं पर हमारी सहमति हो गई है। आज 15 मुद्दों पर चर्चा हुई जिसमें लोकपाल के लिए चयन समिति पर सरकार और सिविल सोसाइटी के बीच खुलकर मतभेद सामने आए। हम लोग चयन समिति को ब्राड लेबल पर रखना चाहते हैं वहीं सरकार इसे छोटा रखना चाहती है।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि सरकार की मंशा लोकपाल पर नियंत्रण की है। अब देखना है कि कल होने वाली बैठक में क्या निर्णय हो पाता है। क्या दोनों समितियां विवादित मुद्दों पर सहमति बना पाती हैं या फिर आज की ही तरह कल भी विवादित मुद्दों पर अलग अलग राग अलापती हैं।












Click it and Unblock the Notifications