कुएं की मिट्टी धंसने से दो मजदूरों की मौत

फतेहपुर जिले के खखरेरु थाना क्षेत्र के भीमपुर गांव में एक सूखे कुंए की सफाई की जा रही थी। सफाई कार्य बीते कुछ दिनों से चल रहा था। कुंए के भीतर उतरे मजदूर पुरानी ईट को निकालने का काम कर रहे थे। पांच मजदूर कुंए की सफाई के लिए भीतर उतरे थे। सफाई के दौरान कुएं की मिट्टी अचानक भरभरा कर ढह गई जिससे भीतर मौजूद पांच मजदूर मिट्टी में दब गए। मजदूरों की चीखपुकार सुनकर उधर से गुजर रहे गांव वालों की नजर कुंए में पड़ी।
ग्रामीणों ने देखा कि कुंए के भीतर कुछ लोग मिट्टी में दबे हुए हैं। गांव वालों की सूचना पर जिला प्रशासन व पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे। गांव वालों की मदद से कुएं में दबे मजदूरों को बाहर निकालने का कार्य शुरू हुआ। मजदूरों को बाहर निकालने में दो घंटे से भी अधिक का समय लग गया। इस दौरान दो मजदूरों की मौत हो गयी जबकि तीन घायल अवस्था में बाहर निकाले गए।
मरने वालों में भयंकर(20) व नत्थू(21) रहे। प्रशासन ने मरने वाले मजदूरों को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। पुलिस के अनुसार घायल मजदूरों को चिकित्सालय में इलाज किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications