डॉक्टर की मौत से नाराज़ चिकित्सक

बीबीसी संवाददाता, पटना
;डॉक्टर की मौत के बाद विपक्षी दलों ने नीतीश सरकार को घेऱने की कोशिश की है. बिहार के गोपालगंज ज़िले की एक जेल में कैदियों द्वारा कथित पिटाई से एक डॉक्टर की मौत के बाद राज्य के तमाम चिकित्सक आंदोलित हो उठे हैं. इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की बिहार इकाई ने इस घटना के विरोध में मंगलवार को सरकारी चिकित्सकों की राज्यव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है.
;गोपालगंज की मंडल कारा में शनिवार को जब डॉ भूदेव सिंह एक कैदी का इलाज़ करने पहुंचे तो कारा सूत्रों के अनुसार वहीँ उनकी बेरहमी से इतनी पिटाई की गई कि पटना अस्पताल ले जाने के रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया.
;घटना की शुरुआती जांच करके पटना लौटने पर राज्य के गृह सचिव आमिर सुबहानी ने पत्रकारों को बताया कि इस मामले में जेल के सात कैदियों के ख़िलाफ़ प्राथमिकी (एफ.आइ.आर.) दर्ज कर ली गई है. उन्होंने कहा कि पूरी जांच के बाद त्वरित सुनवाई (स्पीडी ट्रायल) करा के दोषियों को कड़ी सज़ा दिलाई जाएगी.
;इस बीच मृतक डॉक्टर के परिजनों ने आरोप लगाया है कि किसी साजिश के तहत डॉ. भूदेव की हत्या की गई है, इसलिए सीबीआई से इस घटना की जांच कराई जाए. जेल के भीतर हुए इस हत्याकांड को राज्य की बिगड़ी हुई क़ानून-व्यवस्था का ज्वलंत सबूत बताते हुए विपक्षी दलों ने नीतीश सरकार पर हमला बोल दिया है. उधर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जेल के अंदर सुरक्षा की चूक और कैदियों की बर्बरता पर सख्त नाराज़गी ज़ाहिर करते हुए कहा है कि इसके ज़िम्मेदार तत्वों के ख़िलाफ़ जल्दी-से-जल्दी कठोरतम कार्रवाई होगी.












Click it and Unblock the Notifications