शादी से इंकार करने पर घर वालों ने लड़की को नहर में फेंका

भट्टूकलां पुलिस ने किशोरी की शिकायत पर उसके पिता व बुआ के लड़के पर हत्या प्रयास का केस दर्ज कर लिया है। भट्टूकलां के गांव ढाबीकलां निवासी गुड्डी पुत्री जगदीश करीब एक महीने पहले गांव के ही युवक कपिल पुत्र प्रताप के साथ भाग गई थी। 15 दिन पहले दोनों को पुलिस ने गांव शीशवाल से बरामद कर लिया। गुड्डी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि परिजनों ने उसे कहा कि वह बालिग होने पर कपिल से उसकी शादी करवा देंगे, लेकिन एक बार उसके खिलाफ ब्यान दे दे।
उसके ब्यानों पर कपिल के खिलाफ पुलिस ने 376 की धारा जोड़कर उसे जेल भेज दिया। गुड्डी ने बताया कि इसके बाद उसके परिजनों ने चुपके से उसका विवाह गांव नाईवाल में एक युवक से रख दिया। कल उसे चुन्नी चढ़ाने के लिए नाईवाल से पांच लोग आ गए। जब उसे शादी का पता चला तो उसने सबके सामने कह दिया कि वह शादी नहीं करेगी और उसका विवाह केवल कपिल से ही होगा।
इस पर उसके पिता ने उसकी बहन का विवाह नाईवाल कर दिया। गुड्डी ने बताया कि कल रात को उसका पिता जगदीश व बुआ का लड़का सुनील निवासी फतेहाबाद उसे बुआ के घर ले जाने के लिए फतेहाबाद लेकर आ रहे थे। जैसे ही वह भट्टूकलां के पास से गुजर रही फतेहाबाद ब्रांच नहर के पास पहुंचे तो उसके पिता जगदीश व बुआ के लड़के सुनील ने उसके हाथ-पांव बांध दिए और उसे नहर में फैंक दिया।
उसे तैरना आता था और उसने हाथ पांव मारे तो उसके हाथों की रस्सी खुल गई। वह कई देर तक पानी में तैरती रही, लेकिन पानी से बाहर नहीं निकल पाई। इस पर उसने शोर मचा दिया। शोर सुनकर पास ही नहर में नहा रहे कुछ लोग वहां पहुंच गए और उसे नहर से बाहर निकाला तथा पुलिस को सूचना दे दी। भट्टूकलां पुलिस ने किशोरी को भट्टू के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवा दिया। पुलिस ने गुड्डी के ब्यानों पर उसके पिता जगदीश व बुआ के लड़के सुनील पर हत्या प्रयास का केस दर्ज कर लिया।












Click it and Unblock the Notifications