ब्रिटेन के शाही जोड़े का हनीमून तुरंत नहीं

इससे पहले नवदंपत्ति के प्रवक्ता ने कहा था कि अब उनकी निजता यानी प्राइवेसी का ध्यान रखा जाना चाहिए और मीडिया के लोग उनका पीछा न करें. शुक्रवार को सार्वजनिक रुप से प्रिंस विलियम और केट मिडलटन का विवाह हुआ था और फिर शनिवार को तड़के तक भोज और डांस पार्टी चल रही थी. शाही मामलों के बीबीसी संवाददाता पीटर हंट के मुताबिक विलियम और केट का हनीमून अब नितांत गोपनीय और निजी होगा.
इच्छा का सम्मान
प्रिंस विलियम चाहते हैं कि मीडिया उनकी इच्छा का सम्मान करे. वो अपनी पत्नी के साथ अकेले वक्त गुज़ारना चाहते हैं. अपनी माँ डायना के कड़वे अनुभवों से सबक लेते हुए वो नही चाहते कि कोई उनकी गोपनीयता भंग करे. शाही जोड़े के प्रवक्ता पैडी हार्वेन्सन ने नवविवाहित जोड़े के लिए निजता भंग न करने की अपील की है.
प्रवक्ता ने कहा, "मुझसे अब तक न जाने कितनी बार पूछा जा चुका है कि शाही जोड़े का हनीमून कहां होगा और मुझे मालूम है कि फ़ोटो खींचने वालों की एक फ़ौज मौक़े का इंतज़ार कर रही है पर अगर ये आपका हनीमून हो तो आप क्या चाहेंगे? शांति और अकेलापन. आप ये नही चाहेंगे कि फोटोग्राफ़र आपका पीछा करे."
प्रवक्ता ने कहा कि ऐसा इसलिए किया जा रहा है ताकि प्रिंस विलियम के सार्वजनिक और निजी जीवन में संतुलन कायम रह सके. उन्होंने कहा कि ये याद रखना सबसे ज़रुरी है कि प्रिंस सिंहासन की दूसरी कतार में शामिल हैं और वैसे भी वो सामान्य लोगों की तरह काम करने वाले पेशेवर पायलट हैं. इससे पहले शुक्रवार को हज़ार साल पुराने वेस्टमिंस्टर एबी में एंग्लिकन चर्च में प्रिंस विलियम और केट मिडलटन की शाही शादी राजसी वैभव के साथ संपन्न हुई.
अनुमान है कि पूरी दुनिया में लगभग दो अरब लोगों ने टेलीविज़न पर शादी समारोह का सीधा प्रसारण देखा. शादी के बाद अब विलियम 'ड्यूक ऑफ़ कैम्ब्रिज' जबकि केट 'डचेस ऑफ़ कैम्ब्रिज' के नाम से जानी जाएंगी.












Click it and Unblock the Notifications