उत्तर प्रदेश नहीं जायेंगे अन्ना हजारे
समाजसेवी अन्ना हजारे का प्रस्तावित उत्तर प्रदेश दौरा फिलहाल स्थगित हो गया है। हालांकि इस बारे में अभी तक कोई औपचारिक घोषणा नहीं की गयी है परन्तु बताया जा रहा है कि अन्ना के पैर के घुटने में दर्द हो रहा है तथा वे पुणे के एक चिकित्सालय में भर्ती हो गए हैं। चिकित्सकों ने अन्ना को पांच दिन तक आराम करने की हिदायत दी है। ज्ञात हो कि अन्ना हजारे का प्रस्तावित तीन दिवसीय दौरा कल से वाराणसी में शुरू हो रहा था। अन्ना को वाराणसी, लखनऊ व सुल्तानपुर में कार्यक्रम में हिस्सा लेना था।
कार्यक्रम आयोजक मण्डल के वरिष्ठ सदस्य के अनुसार जब तक चिकित्सक उन्हें बाहर निकलने की इजाजत नहीं देते वे कहीं का दौरा नहीं करेंगे। कार्यक्रम आयोजकों का कहना है कि कार्यक्रम अपने निर्धारित समय पर होंगे तथा उसमें स्वामी अग्निवेश व अरविन्द केजरीवाल समेत कई अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम के बारे में मिली जानकारी के अनुसार अन्ना फोन के माध्यम से लोगों को संबोधित कर सकते हैं। दूसरी ओर कयास लगाया जा रहा है कि वाराणसी जिला प्रशासन के अन्ना के कार्यक्रम को मंजूरी नहीं दी जिस कारण उनका दौरा स्थगित करा दिया गया।













Click it and Unblock the Notifications