पश्चिम बंगाल में शांतिपूर्ण मतदान जारी, 2 घंटे में 16 प्रतिशत वोट

राज्य के तीनों जिलों में 11,531 मतदान केंद्रों पर 93 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर 293 उम्मीदवारों के भविष्य का फैसला करेंगे। दूसरे चरण के मतदान के तहत मुर्शिदाबाद में 22 सीटों, नादिया में 17 और बीरभूम में 11 सीटों पर मतदान हो रहा है। राज्य के तीन जिलों मुर्शिदाबाद, नादिया और बीरभूम की 50 विधानसभा सीटों पर शनिवार सुबह मतदान शुरू हुआ। मतदान के प्रति लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) 31 सीटों पर जबकि वाम मोर्चा की सहयोगी पार्टी रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी, फार्वड ब्लॉक, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) क्रमश: नौ, पांच और एक सीट पर चुनाव लड़ रही है। उधर, प्रमुख विपक्षी पार्टी तृणमूल कांग्रेस ने 29 तथा कांग्रेस ने 21 सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़े किए हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार सभी 50 सीटों पर मैदान में हैं।
दूसरे चरण के मतदान को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए तीनों जिलों में 5,000 से अधिक सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। गौरतलब है कि पहले चरण के तहत 18 अप्रैल को 54 विधानसभा क्षेत्रों में हुए मतदान के दौरान रिकॉर्ड 84.11 फीसदी मतदान हुआ था। दूसरे चरण के बाद अब 27 अप्रैल , तीन मई, सात मई और 10 मई को मतदान होना है। मतगणना का काम 13 मई को सम्पन्न होगा।












Click it and Unblock the Notifications