सत्य साईं बाब की हालत बेहद नाजुक, महत्वपूर्ण अंग हुए निष्क्रिय

इस बारे में आंध्र प्रदेश सरकार के चिकित्सा निदेशक रवि राज ने अस्पताल के बाहर पत्रकारों को बताया कि बाबा की हालत अत्यंत नाजुक है। यह पूछे जाने पर कि डॉक्टर बाबा के महत्वपूर्ण अंगों को कितने समय तक जीवन रक्षक प्रणालियों के सहारे रखा जा सकता है। इस पर उन्होंने कहा आगे क्या होगा इसके बारे में कुछ कहना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि बाबा का जो कुछ भी इलाज किया जा रहा है वह महत्वपूर्ण अंगों के कामकाज का मात्र पूरक है। डॉक्टर ने कहा यदि बाबा के महत्वपूर्ण अंगों ने पूरी तरह से काम करना बंद कर दिया तो डॉक्टर कुछ कर सकने की स्थिति में नहीं होंगे।
इस बीच, अनंतपुर और रायलसीमा के विभिन्न जिलों से सैकड़ों पुलिसकर्मियों को हटाकर पुट्टापर्थी में तैनात किया जा रहा है। इसके अलावा आंध्र प्रदेश के अन्य क्षेत्रों से भी पुलिसकर्मियों को यहां लाया जा रहा है ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटा जा सके। अनंतपुर जिले के पुट्टापर्थी में दुकानें, स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। सत्य साईं बाबा की बिगड़ती हालत से उनके देश-विदेश के श्रद्धालु चिंतित हैं। पुलिस ने इलाके में धारा 144 लगा दी है। सुरक्षाबलों ने अस्पताल की भी घेराबंदी कर दी है। अस्पताल की ओर जाने वाले सभी रास्ते बंद कर दिये गए हैं।
पुलिस ने कस्बे में प्रवेश करने वाले सभी रास्तों पर अवरोधक लगा दिए हैं और अंदर प्रवेश करने वाले प्रत्येक वाहन की जांच की जा रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक सुरक्षा का पांच स्तरीय घेरा बनाया गया है। हवाई अड्डे, रेलवे स्टेशन और बस अड्डों और अन्य जगहों पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। रायलसीमा के सभी इलाकों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को पुट्टापर्थी भेजा जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications