सत्य साईं बाबा का लीवर फेल, हालत अत्यंत नाजुक

डाक्टरों का एक दल स्वास्थ्य पर लगातार निगरानी रख रहा है। गौरतलब है कि 86 वर्षीय साईं बाबा को हृदय और श्वांस संबंधी समस्याओं के बाद 28 मार्च को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सत्य साई बाबा की हालत लगातार गंभीर बनी हुई और उनकी देखभाल कर रहे डॉक्टरों ने कहा कि बाबा के स्वास्थ्य को लेकर कुछ भी कहना उचित नहीं होगा और कुछ कहा भी नहीं जा सकता। डॉक्टर ने कहा यदि बाबा के महत्वपूर्ण अंगों ने पूरी तरह से काम करना बंद कर दिया तो डॉक्टर कुछ कर सकने की स्थिति में नहीं होंगे।
इस बीच, अनंतपुर और रायलसीमा के विभिन्न जिलों से सैकड़ों पुलिसकर्मियों को हटाकर पुट्टापर्थी में तैनात किया जा रहा है। इसके अलावा आंध्र प्रदेश के अन्य क्षेत्रों से भी पुलिसकर्मियों को यहां लाया जा रहा है ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटा जा सके। अनंतपुर जिले के पुट्टापर्थी में दुकानें, स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। सत्य साईं बाबा की बिगड़ती हालत से उनके देश-विदेश के श्रद्धालु चिंतित हैं।
पुलिस ने इलाके में धारा 144 लगा दी है। सुरक्षाबलों ने अस्पताल की भी घेराबंदी कर दी है। अस्पताल की ओर जाने वाले सभी रास्ते बंद कर दिये गए हैं। पुलिस ने कस्बे में प्रवेश करने वाले सभी रास्तों पर अवरोधक लगा दिए हैं और अंदर प्रवेश करने वाले प्रत्येक वाहन की जांच की जा रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक सुरक्षा का पांच स्तरीय घेरा बनाया गया है। हवाई अड्डे, रेलवे स्टेशन और बस अड्डों और अन्य जगहों पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। रायलसीमा के सभी इलाकों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को पुट्टापर्थी भेजा जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications