बरेली की रुहेलखण्ड यूनिवर्सिटी में रैगिंग, छात्र अस्पताल में भर्ती

महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय में बीटेक प्रथम वर्ष के छात्र जगजीवन की गुरुवार को विश्वविद्यालय के ही तृतीय वर्ष के चार छात्रों ने मिलकर पिटाई कर दी। पुलिस के मुताबिक जगजीवन ने अपनी शिकायत में रैगिंग का आरोप लगाते हुए कहा कि वरिष्ठ छात्रों विवेक माथुर, सुमित कुमार, असीम और हिमांशु ने उसे नृत्य करने को कहा। जगजीवन द्वारा मना करने पर उन्होंने लात, घूंसों और बेल्ट से उसकी बुरी तरह पिटाई कर मौके से फरार हो गए।
घायल जगजीवन ने बाद में बारादरी थाने में पांच वरिष्ठ छात्रों के खिलाफ शिकायत की। थाना प्रभारी नेतराम सिंह ने शुक्रवार को संवाददाताओं से कहा कि अस्पताल में भर्ती जगजीवन के सिर और पीठ में चोटें आई हैं। उसकी हालत खतरे से बाहर है।
सिंह ने कहा कि जगजीवन की शिकायत पर विश्वविद्यालय के अधिकारियों के साथ मिलकर हम घटना की जांच कर रहे हैं। दोषी पाये जाने पर आरोपी छात्रों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। सभी आरोपी छात्र फिलहाल फरार हैं।












Click it and Unblock the Notifications