सिर्फ भारत ही नहीं यूरोप भी लश्कर के निशाने पर

अमेरिकी प्रशांत कमान के कमांडर, एडमिरल रॉबर्ट विलार्ड ने मंगलवार को कहा, "ऐतिहासिक रूप से इसकी नजर कश्मीर क्षेत्र पर रहा है, खासतौर से भारत के अंदर हमले करने के संदर्भ में। और यह मुम्बई हमले (26/11) के लिए जिम्मेदार रहा है।" विलार्ड ने सीनेट की आर्म्ड सर्विसिस कमेटी को बताया, "निर्विवाद रूप से लश्कर ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपना प्रभाव जमा लिया है, और यह अब ज्यादा दिनों तक सिर्फ एशिया और भारत तक सीमित नहीं रहने वाला है, यद्यपि यह क्षेत्र उसका मुख्य प्रशिक्षण स्थल और भारत मुख्य निशाना बना रहेगा।"
विलार्ड ने कहा कि नवम्बर 2008 के मुम्बई हमले के आरोपी लश्कर ने न केवल नेपाल व बांग्लादेश सहित दक्षिण एशियाई देशों में अपनी जड़ें जमा ली है, बल्कि अमेरिका के पास यूरोप और एशिया प्रशांत में भी लश्कर की उपस्थिति के सबूत हैं।विलार्ड ने कहा कि अमेरिका, लश्कर पर नकेल लगाने के लिए नेपाल, बांग्लादेश, श्रीलंका, मालदीव व भारत सहित सभी दक्षिण एशियाई देशों के साथ सक्रिय रूप से काम कर रहा है, क्योंकि "हम जानते हैं कि लश्कर मौजूदा समय में पूरे दक्षिण एशिया में फैला हुआ है।"
विलार्ड ने कहा कि क्षेत्र में आतंकी गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए अमेरिका भारत के साथ अपनी साझेदारी पर खास जोर दे रहा है। उन्होंने कहा, "यह एक दीर्घकालिक रिश्ता है जिस पर विशेष ध्यान दिए जाने की जरूरत है, क्योंकि दक्षिण एशिया में भारत का प्रभुत्व है और उसके चारों ओर कई सारी चुनौतियां हैं।"
विलार्ड ने आगे कहा, "हम, लश्कर-ए-तैयबा, और खासतौर से उस आतंकी संगठन पर लगाम लगाने के लिए मौजूदा समय में भारत के साथ व क्षेत्रीय राष्ट्रों के साथ काम कर रहे हैं, जो पूरे दक्षिण एशिया के लिए खतरा बने हुए हैं।"विलार्ड ने कहा, "लश्कर-ए-तैयबा ऐतिहासिक रूप से दक्षिण एशिया के लिए खतरा है। पाकिस्तान सरकार ने इस बात का खंडन किया है कि लश्कर और उसके बीच सम्बंध है। भारत कहेगा कि यह सम्बंध अभी भी बना हुआ है।"
लश्कर के साथ पाकिस्तान के रिश्ते को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में विलार्ड ने कहा, "पाकिस्तान सरकार और लश्कर के बीच के रिश्ते पर चर्चा एक बहुत संवेदनशील मामला है।"उन्होंने कहा, "चूंकि अमेरिका का भारत और पाकिस्तान, दोनों के साथ सम्बंध है, और हम दोनों के साथ रिश्तों को महत्व देते हैं, इसलिए यह जरूरी है कि यह चर्चा जारी रहे और हम पाकिस्तानी धरती पर मौजूद आतंकवाद को जड़ से उखाड़ने के लिए वहां की सरकार के साथ लगातार काम करते रहें।"












Click it and Unblock the Notifications