यूपी: हेलमेट न लगाने वालों को नहीं मिलेगा पेट्रोल

उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिला प्रशासन ने हेलमेट पहनने से बचने वाले लोगों के लिए यह अनूठी पहल करते हुए सभी पेट्रोल पंपों पर 'हेलमेट नहीं तो पेट्रोल नहीं' का कायदा लागू कर दिया है। जिलाधिकारी रिग्जयान सेंफिल ने जनपद के सभी पेट्रोल पंप मालिकों को जारी आदेश में कहा है वे हेलमेट नहीं पहनकर आने वाले दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल या डीजल न दें।
ऐसा नहीं करने वाले पेट्रोल पंप मालिकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सूत्रों ने बताया कि आदेश के तहत विभिन्न पेट्रोल पंपों पर यह आदेश लिखा बैनर लगाया गया है। वहीं इस आदेश पर अमल में होने वाली व्यावहारिक दिक्कतों पर विचार-विमर्श और उनका हल भेजने के लिए प्रशासन ने पेट्रोल पंप मालिकों की एक बैठक बुलाई है। सूत्रों ने बताया कि जिलाधिकारी ने परिवहन अधिकारियों को भी निर्देश दिए हैं कि वे हेलमेट खरीद की रसीद के बगैर वाहनों का पंजीकरण नहीं करें।












Click it and Unblock the Notifications