होली पर सचिन के बल्ले में रंग भरेंगे लखनऊवासी
अलीगंज स्थित बाजार में पिचकारी के 47 वर्षीय दुकानदार राम कुमार गौड़ आईएएनएस से कहते हैं कि पिचकारी के खरीददार बच्चे और किशोर ही ज्यादा होते हैं। उनके बीच इन पिचकारियों को लेकर गजब का उत्साह देखने को मिल रहा है। सचिन का बल्ला पिचकारी 175 रुपए, जहीर की गेंद पिचकारी 120 रुपए और स्टम्प पिचकारी 140 रुपए की बिक रही है। गौड़ के मुताबिक वह हर रोज करीब 200 से ज्यादा इन पिचकारियों की बिक्री कर रहे हैं। दूसरी पिचकारियों की इतनी बिक्री नहीं हो रही है। इन पिचकारियों को लेकर बच्चों और किशोरों के आकर्षण के पीछे क्रिकेट विश्वकप को मानते हैं।
रंगों के साथ सचिन का कैलेंडर मुफ्त
पिछले 25 साल से पिचकारियों के धंधे में शामिल गौड़ कहते हैं कि इस समय पूरा देश विश्वकप क्रिकेट के रंग में डूबा हुआ है। क्रिकेट के इस महाकुंभ के बीच पड़ रही होली में बच्चों को अपने सबसे प्रिय खेल और खिलाड़ी से जुड़ी चीजें पिचकारी में नजर आने पर वे दामों की पहवाह किए बगैर धड़ल्ले से इन्हें खरीद रहे हैं। एक अन्य दुकानदार रजनीश मिश्रा कहते हैं कि भारत में क्रिकेट से बड़ा शायद ही कुछ होता हो। इसिलए क्रिकेट से जुड़ी कोई भी नई चीज लोगों को खासकर बच्चों और युवाओं को आकर्षित करती है। अभी क्रिकेट विश्वकप चल रहा है ऐसे में ये सोने पर सुहागा हो गया।
वह कहते हैं कि कम्पनियों की तरफ से विश्वकप के दौरान पिचकारियों को क्रिकेट से जोड़कर बच्चों को लुभाने की कोशिश की गई है। सरस्वती शुशु मंदिर में अलीगंज में कक्षा-6 के छात्र शुभम गुप्ता ने कहा, "पहली बार बल्ले या गेंद के रूप में पिचकारी देखी। देखते ही इन पिचकारियों ने मुझे आकर्षित किया। मैंने तत्काल अपने और छोटे भाई के लिए बल्ले और स्टम्प वाली पिचकारियां खरीदने का फैसला किया।" गौड़ की दुकान में इन पिचकारियों को लेने वाले हर बच्चे और किशोर को सचिन की तस्वीर वाला एक कैलेंडर मुफ्त दिया जा रहा है।













Click it and Unblock the Notifications