नेताई गांव पहुंची सीबीआई टीम
कोलकाता, 26 फरवरी (आईएएनएस)। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के अधिकारियों ने शनिवार को जांच के सिलसिले में पश्चिम बंगाल के पश्चिम मिदनापुर जिला स्थित नेताई गांव का दौरा किया जहां सात जनवरी को नौ लोगों की हत्या कर दी गई थी और कई लोग घायल हो गए थे।
सीबीआई के पुलिस अधीक्षक और विशेष अपराध शाखा के प्रभारी अरुण बोथरा ने कहा, "हमने शनिवार को नेताई और इसके समीप के गांव बीरकारा का दौरा किया। हम ग्रामीणों से मिले और घटना के बारे में उनकी शिकायतें सुनीं। कई प्रत्यक्षदर्शियों से भी हमने बात की।"
बोथरा ने हालांकि बातचीत का ब्योरा देने से इंकार किया।
ज्ञात हो कि पश्चिम मिदनापुर जिले में नक्सलवादियों का गढ़ माने जाने वाले लालगढ़ के निकटवर्ती गांव नेताई में झड़प होने पर कथित तौर पर सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) समर्थित हमलावरों ने चार महिलाओं सहित नौ लोगों की हत्या कर दी थी और 28 लोगों को घायल कर दिया था।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि सीबीआई के अधिकारियों ने खुद को दो समूहों में बांट लिया और उन्होंने नेताई गांव के समीप स्थित बीरकारा गांव का दौरा किया। वहां वे एक पूर्व स्कूल शिक्षक इंद्रजीत दास के घर गए। दास माकपा के सक्रिय सदस्य माने जाते हैं।
लोगों का कहना है माकपा के सशस्त्र कार्यकर्ता इंद्रजीत के घर में शिविर बनाए हुए हैं। घटना के दिन वे वहीं से नेताई गांव में गए और उन्होंने ग्रामीणों को घेर लिया और गोलीबारी की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications