सम्पत्ति सौदे की सच्चाई से पर्दा हटाएं राजाथी, कनिमोझी : जयललिता
चेन्नई, 27 फरवरी (आईएएनएस)। ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (एआईएडीएमके) प्रमुख जयललिता ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.करुणानिधि की तीसरी पत्नी राजाथी और बेटी कनिमोझी से कहा कि वे कारपोरेट लॉबिस्ट नीरा राडिया की मानी जाने वाली भूमि सहित चेन्नई के दो भूमि सौदों की सच्चाई से पर्दा हटाएं।
यहां जारी एक बयान में जयललिता ने कहा कि लोग दो सम्पत्ति सौदों की चर्चा कर रहे हैं, जिनमें से एक अन्ना सलाई में मुख्य सम्पत्ति है जिस पर टाटा समूह की वोल्टास कम्पनी चल रही है और दूसरी कोटागिरि में है जिस पर विंडसर एस्टेट है।
इन सौदों में व्यवसायी शनमुगनाथन संलिप्त हैं, जिन्होंने दोनों सम्पत्तियां खरीदी हैं। अन्ना सलाई स्थित सम्पत्ति की पावर ऑफ अटार्नी सरावनन के पास है तथा एस.श्रीनिवासम रत्नम को विंडसर एस्टेट की बिक्री का गवाह बनाया गया है एवं चेन्नई में राजाथी के अंकेक्षक का पता भी वही है।
राडिया की राजाथी और दुभाषिए के रूप में कार्य करने वाले रत्नम से हुई बातचीत टैप किए जाने की मीडिया में आई खबर का हवाला देते हुए जयललिता ने कहा कि बातचीत के मुताबिक राजाथी टाटा समूह द्वारा किए वादे के अनुसार सम्पत्ति का हस्तांतरण नहीं होने से नाराज थीं।
उन्होंने कहा, "बातचीत में खासतौर से वोल्टास का जिक्र चेन्नई की सम्पत्ति के हकदार के तौर पर आया है।" जयललिता ने कहा कि अन्ना सलाई के भूमि सौदे के दस्तावेज के मुताबिक सरावनन ने लगभग 350 करोड़ रुपये मूल्य की सम्पत्ति मात्र 25 करोड़ रुपये में शनमुगनाथन को बेची है। शनमुगनाथन शांगकल्पम इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक हैं।
खबरों में सरावनन और शनमुगनाथन का राजाथी से जुड़ाव की बात भी आई है, जिससे उन्होंने इंकार किया है।
जयललिता ने कहा, 'शनमुगनाथन द्वारा खरीदी गई वोल्टास की जमीन के मामले में राजाथी का पूर्व कर्मी सरावनन शामिल है। इसी तरह विंडसर एस्टेट की खरीद में राजाथी का मौजूदा अंकेक्षक रत्नम शामिल है। विंडसर एस्टेट को कनिमोझी का एस्टेट माना जाता है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications